MP में भीषण सड़क हादसा, बैहर घाट में पलटी यात्रियों से भरी बस, 12 यात्री गंभीर रूप से घायल

मध्य प्रदेश के अनूपपुर के जैतहरी थानांतर्गत बैहर घाट में यात्रियों से भरी बस पलट गई। हादसे में 12 से अधिक य़ात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यात्रियों को जैतहरी और पुष्पराजगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Updated: Jul 10, 2022, 11:31 AM IST

अनूपपुर। मध्य प्रदेश में भीषण सड़क हादसा हुआ है। अनूपपुर के जैतहरी थानांतर्गत बैहर घाट में यात्रियों से भरी एक बस पलट गई। हादसे में 12 से अधिक य़ात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। यात्रियों को जैतहरी और पुष्पराजगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

बताया जा रहा है की हादसे के वक्त बस में करीब 50 से 55 यात्री सवार थे। गहरवार ट्रेवल्स की यह बस अमरकण्टक से अनूपपुर आ रही थी। किरर घाट बंद होने के कारण डाइवर्टेड रूट से बस आ रही थी। यात्रियों ने बताया कि बस चालक बेपरवाह ढंग से और तेज स्पीड में बस चला रहा था।

यह भी पढ़ें: गुंडों को जनता सबक सिखाएगी, चुनाव बाद भागते फिरेंगे संजय पाठक, BJP MLA पर कांग्रेस का पलटवार

तेज स्पीड होने के कारण ही बस अनियंत्रित होकर जैतहरी थानांतर्गत बैहर घाट में पलट गई। घटना रविवार सुबह 11 बजे की है। इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि दर्जन भर लोग गंभीर रूप से घायल हैं। अन्य यात्रियों को भी हल्की चोटें आई है। 

सूचना मिलने के बाद जैतहरी और राजेन्द्रग्राम पुलिस मौके पर पहुंच गई है। घायलों को रेस्क्यू कर जैतहरी और पुष्पराजगढ़ अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं गंभीर रूप से घायलों को अनूपपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।