चुनाव से पहले MP के बड़े कारोबारी सोम ग्रुप के 50 ठिकानों पर IT की रेड, भोपाल, इंदौर, जबलपुर में सर्चिंग

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में सोम ग्रुप के करीब 50 ठिकानों पर आयकर विभाग की टीम पहुंची है। भोपाल शाहपुरा थाना क्षेत्र सहित कई जगह टैक्स चोरी के आरोप में एक साथ कार्रवाई की जा रही है।

Updated: Nov 07, 2023, 11:39 AM IST

भोपाल। पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव से पहले ईडी-आईटी रेड्स को लेकर सियासत गर्म है। राजस्थान और छत्तीसगढ़ के बाद अब एमपी पर केंद्रीय एजेंसी की नजर है। पिछले हफ्ते ही पीपुल्स ग्रुप के ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की थी। अब एक और बड़े कारोबारी समूह सोम ग्रुप पर आईटी रेड की खबर आ रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में सोम ग्रुप के करीब 50 ठिकानों पर टीम पहुंची है। भोपाल शाहपुरा थाना क्षेत्र सहित कई जगह टैक्स चोरी के आरोप में एक साथ कार्रवाई की जा रही है। जानकारी के अनुसार आईटी टीम में इंदौर और मुंबई के अधिकारी शामिल हैं।

बताया जा रहा है कि भोपाल के अलावा जबलपुर, इंदौर और रायसेन में आज सुबह कार्रवाई शुरू हुई है। ग्रुप के एमपी नगर जोन- 2 स्थित कार्यालय पर टीम ने सुबह 7 बजे दबिश दी। अफसर यहां एक कार और एक ट्रेवलर से पहुंचे। टीम में रायपुर, बेंगलुरु, मुंबई और दिल्ली के अफसर और पुलिस कर्मचारी हैं। ग्रुप के मुख्य कार्यालय पर दबिश के कुछ ही मिनट बाद कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के घर और ऑफिस पर अफसरों की दूसरी टीमों ने छापा मारा।

इसके अलावा मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, कटक और बेंगलुरु में भी आयकर विभाग कार्रवाई कर रहा है। टीम के साथ सीआरपीएफ के जवान भी मौजूद हैं। बता दें कि एल्को-बेवरेज/ अलकोहल इंडस्ट्री में सोम ग्रुप सेंट्रल इंडिया की सबसे बड़ी कंपनी है। सोम ग्रुप ऑफ कंपनीज के प्रोडक्ट कई देशों में एक्सपोर्ट भी होते हैं। इनमें अमेरिका, न्यूजीलैंड, जर्मनी, फिनलैंड, नार्वे, ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया सहित करीब 28 देश शामिल हैं।