बैतूल: 400 फुट गहरे बोरवेल में फंसा बच्चा, सुबह से कोई मूवमेंट नहीं, समानांतर सुरंग बना रहा प्रशासन

अभी पत्थर निकाले जा रहे हैं, हमें उम्मीद है कि हम बच्चे तक जल्द पहुंच जाएंगे। लगभग 40 फीट से ज्यादा तक हम पत्थर निकाल चुके हैं। पत्थर की वजह से ज्यादा समय लग रहा है: ADM बैतूल

Updated: Dec 07, 2022, 04:33 AM IST

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के गांव माड़वी में मंगलवार को 6 साल का बच्चा खेत में खेलते समय 400 फुट गहरे बोरवेल में गिर गया। बच्चे को बाहर निकालने के लिए युद्ध स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। तीन जेसीबी मशीन की मदद से बोरवेल से 30 फीट दूर समानांतर गड्‌ढा खोदा जा रहा है।

अधिकारियों के मुताबिक बच्चा बोर में करीब 35 फीट की गहराई पर फंसा हुआ है। उसके ऊपर पानी की बूंदें टपक रही हैं। चिंता की बात ये है कि पिछले कई घंटो से कैमरे पर कोई मूवमेंट नजर नहीं आ रही है। बच्चा कोई प्रतिक्रिया भी नहीं दे रहा है। 

बैतूल कलेक्टर अमनबीर बैंस ने बताया कि बच्चे के हाथ में रस्सी बांधकर उसे ऊपर खींचने की कोशिश की गई, वो करीब 12 फीट ऊपर भी आ गया था। लेकिन रस्सी खुल गई और वो वहीं अटक गया। रात 12 बजे से साइड में एक नए गड्ढे को खोदने का काम शुरू किया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक हादसा मंगलवार शाम बैतूल जिले के आठनेर के मांडवी गांव में करीब 5 बजे हुआ। 6 साल का तन्मय दूसरे बच्चों के साथ छुपन-छुपाई खेल रहा था। पड़ोसी के बोरवेल में वह गिर गया। आवाज लगाने पर बोरवेल के भीतर से बच्चे की आवाज आई। इस पर परिवारवालों ने तत्काल बैतूल और आठनेर पुलिस को सूचना दी। 

रेस्क्यू शुरू होने के बाद सबसे पहले बच्चे के लिए बोरवेल में ऑक्सीजन पाइप डाला गया, फिर CCTV कैमरा डाला गया। शुरुआत में बच्चे की उसके पिता से बात भी कराई गई थी। तब उसने कहा था कि बहुत अंधेरा है। उसके बाद से कोई बातचीत नहीं हो पाई है।

बैतूल एडीएम श्यामेंद्र जायसवाल ने बताया कि, 'अभी पत्थर निकाले जा रहे हैं। हमें उम्मीद है कि हम बच्चे तक जल्द पहुंच जाएंगे। लगभग 40 फीट से ज्यादा तक हम पत्थर निकाल चुके हैं। पत्थर की वजह से ज्यादा समय लग रहा है। बच्चे की अभी प्रतिक्रिया नहीं मिल रही लेकिन हम उसे सकुशल निकालने का प्रयास कर रहे हैं।'