रामेश्वर शर्मा के घर जा रहे दिग्विजय सिंह को पुलिस ने रोका, सड़क पर बैठ रामधुन गाने लगे कांग्रेस कार्यकर्ता
बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा की सद्बुद्धि के लिए रामधुन करने के लिए निकले हैं दिग्विजय सिंह, शर्मा ने दी थी घुटने तोड़ने की धमकी

भोपाल। बीजेपी के बड़बोले विधायक रामेश्वर शर्मा के घर जा रहे कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को पुलिस ने रोक दिया है। भोपाल पुलिस ने राजभवन चौराहे के पास बैरिकेडिंग कर रखा है। यहां सैंकड़ों की संख्या में पुलिस बल मौजूद है। राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह के साथ आए हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता बैरिकेडिंग के पास ही रुक गए हैं और शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे हैं।
बैरिकेडिंग के समीप बैठकर कांग्रेस कार्यकर्ता 'रघुपति राघव राजा राम' भजन का जाप कर रहे हैं। पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने भी सड़क पर बैठकर ही रामधुन शुरू कर दिया है। वहीं पुलिस के सभी आलाधिकारी भी मौजूद हैं। बताया जा रहा है की पुलिस पर दबाव है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शर्मा के घर न आने दिया जाए।
राज्यसभा सदस्य एवं पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जी हज़ारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ रामधुन करते हुये आगे बढ़ रहे हैं।
— MP Congress (@INCMP) November 24, 2021
जय जय राम, जय श्री राम।@digvijaya_28 pic.twitter.com/VPDpFh6lrs
उधर दिग्विजय सिंह की चुनौती के बाद बैकफुट पर आए बड़बोले विधायक रामेश्वर शर्मा ने अपने घर पर भजन कीर्तन का प्रबंध कर रखा है। रामेश्वर शर्मा के यहां सैंकड़ों बीजेपी कार्यकर्ता बैठकर रामभजन का गान कर रहे हैं। शर्मा ने यहां दिग्विजय सिंह के लिए स्वागत द्वारा भी बनवाया है। वे यह भी दावा कर रहे हैं कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जलपान के लिए हलवा पूड़ी का प्रबंध है।
श्री गणेश वंदना के साथ श्रीराम धुन के भव्य आयोजन का शुभारंभ .#श्रीरामधुन pic.twitter.com/rTgZHiozU3
— Rameshwar Sharma (@rameshwar4111) November 24, 2021
हालांकि, पुलिस बैरिकेडिंग और कांग्रेस कार्यकर्ताओं को रोके जाने के बाद अब माना जा रहा है कि शर्मा ने दिखावे के लिए टेंट-तंबू गड़वाया था। जबकि, प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश है कि यहां किसी भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं को न आने दिया जाए। दरअसल, बीते दिनों रामेश्वर शर्मा ने अपने एक हिंसक बयान में कांग्रेसियों को घुटने तोड़ने की धमकी दे डाली थी। इस पर दिग्विजय सिंह ने शर्मा को चुनौती देते हुए कहा था कि हिम्मत है तो मेरे घुटने तोड़ कर दिखाओ। उन्होंने यह भी कहा था कि 24 को तुम्हारे घर में घुसकर रामधुन करूंगा।