MP में कांग्रेस को बड़ा झटका, सज्जन वर्मा, तरुण भनोट, पीसी शर्मा, जीतू पटवारी समेत ये दिग्गज पिछड़े

जीतू पटवारी, ओमकार मरकाम, लक्ष्मण सिंह, सज्जन सिंह वर्मा, मुकेश नायक, तरुण भनोट, पीसी शर्मा, एनपी प्रजापति और कुणाल चौधरी पीछे चल रहे हैं।

Updated: Dec 03, 2023, 07:04 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों ने कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है। रुझान में BJP को दो तिहाई से ज्यादा बहुमत मिलता दिख रहा है। आलम ये है कि कांग्रेस के एक से एक दिग्गज चुनाव हारते नजर आ रहे हैं। जीतू पटवारी, सज्जन सिंह वर्मा, पीसी शर्मा और तरुण भनोट जैसे पूर्व मंत्री पिछड़ गए हैं।

सोनकच्छ से कांग्रेस उम्मीदवार सज्जन सिंह वर्मा 15 राउंड की काउंटिंग के बाद 18 हजार से अधिक वोट से पीछे चल रहे हैं। यहां भाजपा प्रत्याशी डॉ राजेश सोनकर आगे चल रहे हैं।

जबलपुर पश्चिम से कांग्रेस प्रत्याशी तरुण भनोट 30 हजार से अधिक वोट से चुनाव हार चुके हैं। यहां भाजपा प्रत्याशी और सांसद राकेश सिंह ने शानदार जीत दर्ज की है।

राउ विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी जीतू पटवारी 15 राउंड की काउंटिंग के बाद 19 हजार से अधिक वोट से पीछे चल रहे हैं। यहां भाजपा प्रत्याशी मधु वर्मा जीत के बेहद करीब हैं।

पवई में 14 राउंड की वोटिंग के बाद कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश नायक 12 हजार 986 वोट से पीछे चल रहे हैं। यहां भाजपा के प्रह्लाद लोधी आगे चल रहे हैं।

डिंडोरी से कांग्रेस प्रत्याशी ओमकार सिंह मरकाम 4 हजार 871 वोट से पीछे चल रहे हैं। यहां भाजपा के पंकज सिंह टेकाम आगे चल रहे हैं।

चाचौड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मण सिंह 16 हजार 875 वोट से पीछे चल रहे हैं। भोपाल दक्षिण पश्चिम से पीसी शर्मा 8 हजार से अधिक वोट से पीछे हैं। काला पीपल से कुणाल चौधरी 11 हजार से अधिक वोट से चुनाव हार चुके हैं।