दतिया। मध्य प्रदेश के दतिया शहर में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई। यहां वार्ड संख्या 1 के भाजपा पार्षद कल्लू कुशवाहा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के सेवढ़ा चुंगी के पास उस समय हुई जब वह रोज की तरह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। घात लगाकर बैठे अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, हमलावर पहले से ही मौके पर मौजूद थे और जैसे ही कुशवाहा वहां पहुंचे उन्होंने हमला कर दिया। गोलीबारी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें:इटली में हुई अजीबोगरीब चोरी, 12 टन चॉकलेट से लदा ट्रक लेकर फरार हुए चोर

मृतक कल्लू कुशवाहा का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि उन पर पहले से कई मामले दर्ज थे और एक हत्या के मामले में उन्हें आजीवन कारावास की सजा भी मिल चुकी थी। हाल ही में वह पैरोल पर जेल से बाहर आए थे। शुरुआती जांच में पुलिस इस हत्याकांड के पीछे आपसी रंजिश को प्रमुख कारण मान रही है।

मौके पर पहुंचीं एसडीओपी आकांक्षा जैन ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और लोगों में दहशत का माहौल है।

यह भी पढ़ें:MP में फिर बदला मौसम का मिजाज, खरगोन में गिरे ओले, भोपाल समेत कई जिलों में बारिश