सीधी। चुनावी साल में मध्य प्रदेश में सियासी सरगर्मियां तेज है। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और राज्य की बीजेपी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है। इसी बीच कांग्रेस के कद्दावर नेता अजय सिंह ने कहा है कि हिंदुस्तान में प्रजातंत्र खतरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल तानाशाही कर रही है।

दरअसल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह शुक्रवार को सीधी जिला कांग्रेस भवन में राहुल गांधी की संसद सदस्यता खत्म करने व अन्य मुद्दों पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि, 'अब तो हमें नाम लेने से भी डर लगता है, कहीं मुझे भी तुरंत उठवा न लें। हिंदुस्तान में प्रजातंत्र खतरे में है। अगर प्रश्न पूछने पर कार्रवाई हो तो ये शुभ संकेत नहीं है।'

यह भी पढ़ें: गीदड़ की खाल पहनकर कोई शेर नहीं बन सकता, साईं बाबा को लेकर धीरेंद्र शास्त्री का विवादित बयान

कांग्रेस नेता ने आगे कहा, 'सरकार का ये प्रयोग जो भी रहा है, ये उनके लिए एक दिन जरूर उलटा साबित होगा। देश में प्रजातंत्र समाप्त हो रहा है, तानाशाही हो रही है। देश में आज अघोषित इमरजेंसी है। मैं कुछ ज्यादा बोलूंगा तो हमें ही उठावा दिया जाएगा। मैं तो नाम ही लेना बंद कर दिया हूं।'