आदिवासियों का हक़ छीन रही है बीजेपी, हमने जो पट्टे बांटे थे उसे भी निरस्त कर दिया: दिग्विजय सिंह

कर्नाटक के जीत का असर पूरे देश में हुआ है। जहां-जहां से भारत जोड़ो यात्रा निकली थी उनमें से लगभग 80 प्रतिशत सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। वे जिले जहां पूरी तरह से भाजपा का अस्तित्व था वहां भी उनका सफाया हो गया है: दिग्विजय सिंह

Updated: May 18, 2023, 05:49 PM IST

इटारसी। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह गुरुवार को नर्मदापुरम जिले के इटारसी पहुंचे। यहां उन्होंने मंडलम-सेक्टर अध्यक्षों की बैठक ली और उन्हें चुनावी प्रबंधन का गुर सिखाया। इटारसी में प्रेस को संबोधित करते हुए सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार आदिवासियों का हक छीन रही है, हमने उन्हें जो पट्टे दिए थे उसे भी भाजपा सरकार ने निरस्त कर दिया।

सिंह ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कहा, 'कर्नाटक के जीत का असर पूरे देश में हुआ है। जहां-जहां से भारत जोड़ो यात्रा निकली थी उन क्षेत्रों में लगभग 80 प्रतिशत सीटों पर कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। वे जिले जहां पूरी तरह से भाजपा का अस्तित्व था वहां भी भाजपा का पूरी तरह से सफाया हो गया है और कांग्रेस पार्टी की जीत हुई। इटारसी जो हमेशा कांग्रेस का हमेशा से गढ़ रहा है। होशंगाबाद जिला जो हमेशा कांग्रेस का समर्थक रहा है। वहां किन कारणों से हम लोग पीछे हो गए हैं। इन बातों पर ध्यान देने के लिए हम आपके बीच उपस्तिथ हुए हैं।'

यह भी पढ़ें: 100 यूनिट बिजली माफ, 200 यूनिट बिजली हाफ, बदनावर में कमलनाथ का बड़ा ऐलान

पूर्व सीएम ने आगे कहा, 'किसानों को कांग्रेस सरकार में मुफ्त बिजली दी गई। भाजपा आई और उन्होंने रेट बढ़ा दिए। फिर कमलनाथ जी आए उन्होंने किसानों के बिल आधे कर दिए। सरकार हमारी गिरी उसके बाद बिल पूरे आने लगे। घरेलू उपयोग के लिए भी कमलनाथ सरकार ने एक रुपए प्रति यूनिट कर दिया था और उससे मध्यमवर्गीय उपभोक्ताओं के बिल जो हजारों में आते थे वो सैकड़ों में आने लगे। पीएम मोदी ने कहा था कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी। रीवा में पंचायत दिवस के अवसर पर सीएम शिवराज ने तो दावा कर दिया की प्रदेश में किसानों की आमदनी दोगुनी हो गई है। आज हालात ये है कि किसानों की लागत बढ़ गई, फर्टीलाईज़र महंगा हो गया, बिजली का बिल बढ़ गया, डीजल के भाव बढ़ गए, पेस्टिसाइड आदि के भाव भी बढ़े हैं। जिस तेजी से लागत बड़ी है उस तेजी से उपज के भाव नहीं बढ़े।'

पूर्व सीएम ने राज्य सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि, 'आज आदिवासी समुदाय के साथ भी शोषण हो रहा है। भारतीय जनता पार्टी आदिवासियों का हक़ छीन रही है। आदिवासियों को आज तक वन अधिकार अधिनियम के अंतर्गत जो पट्टे मिलने थे उन्हें नहीं मिल पाए। अनुसूचित जाति, जनजाति के लोगों को हमने जो पट्टे बांटे थे वो भी निरस्त कर दिए गए। 9 अगस्त को पूरे विश्व में आदिवासी दिवस मनाया जाता है। कमलनाथ सरकार ने अपने कार्यकाल में 9 अगस्त को छुट्टी घोषित कर दी थी। बड़े पैमाने पर आदिवासियों के सम्मान के लिए यह दिवस मनाया जाता था। शिवराज सरकार ने छुट्टी भी खत्म कर दी।'

यह भी पढ़ें: कुछ दिनों में होगा बड़ा सियासी धमाका, अभी खुलासा नहीं कर सकते: पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह

सिंह ने अन्य दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि, 'आज के राजनीतिक परिदृश्य में लड़ाई कांग्रेस और भाजपा के बीच में है। बाकि दूसरे दल जो हैं वो केवल वोट काटने के लिए खड़े होते हैं। उनका लक्ष्य होता है कि कैसे कांग्रेस के वोट कम किये जाएं। चाहे बसपा हो, चाहे आम आदमी पार्टी हो, चाहे एआईएमआईएम हो, चाहे गोंडवाना हो, सरकार तो इनकी बनने वा़ली नहीं है नहीं। लेकिन भाजपा को फ़ायदा पहुंचाने के लिए चुनाव लड़ते हैं।'