कटक के SCB मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भीषण आग, 10 मरीजों की मौत और 11 झुलसे
कटक स्थित SCB मेडिकल कॉलेज अस्पताल के ट्रॉमा केयर ICU में सोमवार तड़के आग लगने से 10 मरीजों की मौत हो गई और 11 कर्मचारी झुलस गए।
कटक। ओडिशा के कटक स्थित श्रीराम चंद्र भांजा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के ट्रॉमा केयर आईसीयू में सोमवार तड़के भीषण आग लगने से 10 मरीजों की मौत हो गई। जबकि, मरीजों को बचाने की कोशिश में कम से कम 11 अस्पताल कर्मचारी झुलस गए। आग तड़के करीब 2:30 से 3 बजे के बीच लगी थी। उस वक्त आईसीयू में गंभीर मरीजों का इलाज चल रहा था। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत बचाव कार्य शुरू किया गया।
अस्पताल की पहली मंजिल पर स्थित ट्रॉमा केयर आईसीयू में उस समय करीब 23 मरीज भर्ती थे। आग लगते ही अस्पताल में अफरा तफरी मच गई। स्टाफ ने तुरंत मरीजों को बाहर निकालकर दूसरे वार्डों और आईसीयू में शिफ्ट करना शुरू किया। इसी दौरान कई कर्मचारी झुलस गए।
मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने बताया कि सभी 23 मरीजों को दूसरे विभागों में शिफ्ट किया गया था। इनमें से सात मरीजों की मौत दूसरे आईसीयू और वार्ड में ले जाते समय हो गई। जबकि, तीन अन्य मरीजों ने बाद में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में कुल 10 लोगों की जान चली गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी और स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग अस्पताल पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने घायलों और अन्य मरीजों से मुलाकात कर इलाज की व्यवस्था की समीक्षा भी की।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। इसके साथ ही पूरे मामले की न्यायिक जांच कराने के निर्देश भी दिए गए हैं ताकि हादसे की असली वजह का पता लगाया जा सके। प्रारंभिक आशंका है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है। हालांकि प्रशासन ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के सही कारण स्पष्ट होंगे।




