Share Market Crash: सेंसेक्स 1000 अंक गिरा, निफ्टी भी 300 पॉइंट टूटा, बैंकिंग और ऑटो शेयर्स में बिकवाली
अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध के कारण शेयर बाजार में आज यानी 11 मार्च को गिरावट है। सेंसेक्स करीब 1,000 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 77,250 के स्तर पर कारोबार कर रहा है।
मुंबई। भारतीय शेयर बाजारों में आज 11 मार्च को एक बार फिर तेज गिरावट देखने को मिली। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,000 अंकों तक टूट गया। वहीं निफ्टी गिरकर 24,000 के भी नीचे चला गया। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जंग को लेकर मिले-जुले संकेतों ने निवेशकों को सतर्क कर दिया है। इसके अलावा विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने भी बाजार को दबाव में बनाए रखा है।
सेंसेक्स करीब 1,000 अंक से ज्यादा की गिरावट के साथ 77,250 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी करीब 300 अंक की गिरावट है, ये 24,000 पर कारोबार कर रहा है। आज बैंकिंग, ऑटो और FMCG शेयर्स में ज्यादा गिरावट है। एचडीएफसी बैंक (HDFC Bank), एक्सिस बैंक (Axis Bank) से लेकर बजाज फाइनेंस (Bajaj Finance) तक के शेयर भर-भराकर टूट गया है।
सोने के दाम में आज बढ़त है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 500 रुपए बढ़कर 1.61 लाख रुपए पर पहुंच गया है। वहीं एक किलो चांदी 2 हजार रुपए गिरकर 2.71 लाख रुपए पर आ गई है। उधर, ग्लोबल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई हैं। ब्रेंट क्रूड करीब 0.25% गिरकर 88 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। वहीं अमेरिकी तेल (WTI) भी 83 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया है।
मार्केट एक्सपर्ट्स के मुताबिक, शेयर बाजार में आज की इस गिरावट के पीछे मिडिल ईस्ट में युद्ध प्रमुख कारण है। मिडिल ईस्ट में जारी जंग को लेकर आ रहे मिले-जुले संकेतों ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक दिन पहले ईरान युद्ध के जल्द खत्म होने के संकेत दिए थे। इससे क्रूड ऑयल में तेज गिरावट आई थी। अमेरिकी शेयर बाजार में भी तेजी दिखी थी। लेकिन ईरान ने संकेत दिया कि युद्ध जारी रहेगा। उसने हमले भी जारी रखे। अमेरिका और इजरायल ने भी ईरान पर अब तक के सबसे बड़े हमलों में से एक को अंजाम दिया है। ईरान की ओर से हॉर्मूज स्ट्रेट में माइंस लगाने की खबरें भी आ रही है। इन विरोधाभासी संकेतों के कारण निवेशकों की बेचैनी और बढ़ गई है।




