रीवा में 17 घंटे से बोरवेल में फंसा है मासूम, रेस्क्यू टीम ने पैरेलल 60 फीट गड्‌ढा खोदा

बच्चा शुक्रवार को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे 160 फीट गहरे बोरवेल में गिरा था। बच्चे के 70 फीट नीचे फंसे होने का अनुमान जताया गया है।

Updated: Apr 13, 2024, 09:49 AM IST

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा में शुक्रवार को बोरवेल में गिरे 6 साल के आदिवासी बच्चे को बाहर निकालने का काम जारी है। बच्चे को गिरे 17 घंटे हो गए हैं। रातभर से रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। बोरवेल के पैरलल 60 फीट खुदाई की जा चुकी है। 

बच्चा शुक्रवार को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे 160 फीट गहरे बोरवेल में गिरा था। बच्चे की नानी निर्मला का कहना है कि हमें भगवान पर भरोसा है। बच्चा जल्दी बाहर आ जाएगा।

मामला रीवा जिला मुख्यालय से करीब 90 किलोमीटर दूर जनेह थाना क्षेत्र के मनिका गांव का है। बच्चे का मयंक (6) पिता विजय आदिवासी है। वह खेत में बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान खेत में ही खुले पड़े बोरवेल में गिर गया।

रेस्क्यू टीम बोरवेल के पैरेलल 8 जेसीबी मशीन से खुदाई कर रही है। फिलहाल बच्चे का कोई मूवमेंट नहीं दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि उसके ऊपर मिट्टी आने से वह और गहराई में चला गया।

एनडीआरएफ की रेस्क्यू टीम ने बोरवेल के पैरेलल 60 फीट गड्‌ढा खोद लिया है। बच्चे के 70 फीट नीचे फंसे होने का अनुमान जताया गया है। बोरवेल के गड्ढे में कैमरा डालकर बच्चे पर नजर रखी जा रही है। उसे ऑक्सीजन देने की भी कोशिश की जा रही है। मौके पर कलेक्टर-एसपी समेत पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद हैं।