Christmas 2023: भोपाल में बिशप हाउस पहुंचे दिग्विजय सिंह, आर्कबिशप को दी क्रिसमस की शुभकामनाएं

राज्यसभा सांसद सिंह सोमवार शाम पत्नी अमृता राय के साथ भोपाल में स्थित बिशप हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने आर्च बिशप को पुष्प गुच्छ भेंट कर क्रिसमस की शुभकामनाएं प्रेषित की।

Updated: Dec 25, 2023, 06:33 PM IST

भोपाल। आज यानी 25 दिसंबर को दुनियाभर में बड़ी ही धूम-धाम के साथ क्रिसमस का त्योहार मनाया जा रहा है। इसे लेकर मध्य प्रदेश के लोगों में भी बेहद उत्साह देखने को मिल रहा है। बाजारों में जिंगल बेल-जिंगल बेल की धुन गूंज रही है, हर ओर खुशनुमा माहौल है। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं दी है।

सोमवार को दिल्ली से भोपाल पहुंचे पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने क्रिसमस के मौके पर आर्च बिशप से मुलाकात की। राज्यसभा सांसद सिंह सोमवार शाम पत्नी अमृता राय के साथ भोपाल में स्थित बिशप हाउस पहुंचे। यहां उन्होंने आर्च बिशप को पुष्प गुच्छ भेंट कर क्रिसमस की शुभकामनाएं प्रेषित की। 

इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर क्रिसमस की बधाई देते हुए लिखा, 'समस्त देशवासियों को प्रभु ईसा मसीह के जन्मदिवस व क्रिसमस पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का यह पर्व सबके जीवन में सुख, समृद्धि और ख़ुशहाली लाए।'

बता दें कि प्रदेश के सभी गिरजाघरों को क्रिसमस के मौके पर सजाया गया है। क्रिसमस की पूर्व संध्या पर रविवार को भी काफी लोग चर्च पहुंचे थे। इस दौरान लोगों ने चर्च में मोमबत्ती भी जलाए। सोमवार सुबह भी लोगों ने चर्च में सामूहिक प्रार्थना की। वहीं, पूरे दिन चर्च में आवाजाही देखने को मिल रहा है। क्रिसमस को लेकर भोपाल में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है।