प्रेम विवाह को लेकर उज्जैन के झारड़ा में दो परिवारों में मारपीट, पांच लोग घायल

उज्जैन में दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। प्रेम विवाह की बात हुए विवाद में पांच लोग घायल हुए हैं। इस दौरान एक पक्ष की मोटरसाइकिल में आग लगा दी गई, वहीं एक वाहन में तोड़फोड़ की गई।

Updated: Apr 21, 2023, 01:00 PM IST

उज्जैन। उज्जैन जिले के झारड़ा के समीप ग्राम असारी में प्रेम विवाह को लेकर दो परिवारों में जमकर मारपीट हुई। दरअसल, प्रेम विवाह करने वाले युवक-युवती के परिजन आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते यह विवाद मारपीट में तब्दील हो गया। इस मारपीट मे पांच लोग घायल हो गए। जबकि एक मोटरसाइकिल में आग लगा दी गई, वहीं एक वाहन में तोड़फोड़ की गई।

बताया जा रहा है कि घायल परिवार के युवक ने हमलावरों के परिवार की लड़की से भगाकर शादी की थी। इसी बात को लेकर उनके बीच रंजिश चल रही थी। इसी के चलते दोनों परिवारों में यह संघर्ष हुआ है। लड़की वालों ने युवक के घर पर धावा बोल दिया।

झारड़ा के समीप ग्राम असारी में बुधवार शाम मुकेश पिता जुझार गोस्वामी और उसके परिवार के गोवर्धन पुरी, पंकज पुरी, गुमान पुरी, संजय पुरी और कान पुरी निवासी इंदौख पर वहीं के रहने वाले प्रजापत परिवार के लोगों ने हमला कर दिया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। 

दोनों तरफ से लट्ठ व हथियारों से हमला किया गया। हमले में पुरी परिवार के 5 लोग घायल हो गए, वहीं दूसरे पक्ष के कुछ लोगों को भी चोट आई। यह मारपीट काफी देर तक चला और इस दौरान एक मोटरसाइकिल में आग लगा दी गई। वहीं एक अन्य वाहन को भी फोड़ दिया गया।