सीएम शिवराज के खिलाफ पोस्टर मामले में कांग्रेस नेता गिरफ्तार, बुरहानपुर पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष उबेदउल्लाह और पूर्व कांग्रेस पदाधिकारी संदीप जाधव को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

Updated: Jul 02, 2023, 10:15 AM IST

बुरहानपुर। मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के खिलाफ पोस्टर लगाने के मामले में पुलिस सक्रिय हो गई है। पुलिस ने कांग्रेस के दो नेताओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस ने कहा कि पुलिस भाजपा कार्यकर्ताओं की तरह काम कर रही थी।

दरअसल, सीएम शिवराज के QR कोड पर 50 प्रतिशत लाओ, फ़ोन पे पर काम कराओ वाले पोस्टर बुरहानपुर में भी लगाए गए थे। शहर में पोस्टर लगाने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस मामले में भाजपा के विधि प्रकोष्ठ ने कोतवाली थाने में एफआइआर दर्ज कराई थी। 

पुलिस का दावा है कि मुख्यमंत्री के खिलाफ पोस्टर लगाते समय कांग्रेस नेता सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए थे। जिसके बाद पुलिस ने एक्शन लिया। पुलिस कार्रवाई पर युवा कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष विवेक त्रिपाठी ने कहा कि, ' पुलिस भाजपा के दबाव में काम कर रही है। हमारे नेता के खिलाफ विवादास्पद पोस्टर लगे, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब भ्रष्टाचार के पर्याय बन चुके सीएम के खिलाफ पोस्टर लगे तो पुलिस गिरफ्तारियां कर रही है।'

त्रिपाठी ने आगे कहा कि, 'युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता इन गिरफ्तारियों से नहीं डरते। शिवराज सरकार कितनों को जेल भेजेगी? हम शिवराज सरकार द्वारा किए गए भ्रष्टाचार को जन-जन तक पहुंचाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं।'