सड़क हादसे में कांग्रेस नेता का निधन, नर्मदापुरम में हरदा स्टेट हाईवे पर गाड़ी पलटने से हुआ हादसा

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 100 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। गाड़ी से बाहर निकालकर घायलों को पहले नर्मदा अस्पताल ले गए।

Updated: Jun 12, 2023, 11:40 AM IST

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले में हरदा स्टेट हाईवे पर डोलरिया के मंगवारी के पास सड़क हादसे में कांग्रेस नेता अक्षय दीक्षित का निधन हो गया। घटना रविवार रात 10 बजे हुई। गाड़ी में कांग्रेस नेता अक्षय, माखननगर बीएमओ डॉक्टर रोहित शर्मा, अन्य एक व्यक्ति बैठे थे। 

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और डायल 100 एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। गाड़ी से बाहर निकालकर घायलों को पहले नर्मदा अस्पताल ले गए। वहां से जिला अस्पताल भेज दिया गया। हादसे में अक्षय दीक्षित का निधन हो गया। बीएमओ रोहित समेत अन्य एक साथी घायल है।

देहात थाना प्रभारी संजय चौकसे ने बताया सड़क हादसे में अक्षय दीक्षित का निधन हुआ है। दो अन्य लोग घायल हैं। मृतक अक्षय दीक्षित के पास मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सोशल मीडिया एंड आईटी सेल के प्रदेश महासचिव का प्रभार था। उनके पिता अरुण दीक्षित पुराने कांग्रेस नेता हैं।

पुलिस के मुताबिक कांग्रेस नेता अक्षय दीक्षित, बीएमओ डॉक्टर शर्मा और अन्य एक साथी एक शादी समारोह में शामिल होने सिवनी मालवा जा रहे थे। रात करीब 10 बजे नर्मदापुरम हरदा स्टेट हाईवे पर डोलरिया थाना अंतर्गत ग्राम मंगवारी के पास गाड़ी पलटने के चलते यह हादसा हो गया। अक्षय दीक्षित के निधन की सूचना मिलते है शहर में शोक की लहर छा गई। रात में शहर के सैकड़ों लोग अस्पताल पहुंचे।