खाद की खाली बोरियां लेकर विधानसभा पहुंचे कांग्रेस MLA, सिंघार बोले- किसानों की बात नहीं सुन रही सरकार
खाद की खाली बोरियां लेकर गांधी प्रतिमा के सामने कांग्रेस विधायकों ने की नारेबाजी, सचिन यादव मीडिया से बात करते हुए बोले- प्रदेश का किसान परेशान है, खाद नहीं, दाम नहीं।
भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन आज कांग्रेस नेता विधानसभा का घेराव करेंगे। सुबह करीब 11 बजे पार्टी विधायक भोपाल में रेडक्रॉस हॉस्पिटल के सामने शिवाजी चौराहे पर इकट्ठा हुए। वे यहां से ट्रैक्टर रैली के जरिए विधानसभा जाना चाह रहे थे लेकिन पुलिस ने उन्हें शिवाजी नगर चौराहे के पास ही रोक लिया। इसके बाद विधायक पैदल पहुंचे।
इस दौरान कांग्रेस MLA खाद की खाली बोरियां लेकर विधानसभा पहुंचे थे। विधायकों ने खाली बोरियां लेकर गांधी प्रतिमा के सामने नारेबाजी की। इस दौरान सचिन यादव मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रदेश का किसान परेशान है, खाद नहीं, दाम नहीं। 12 वर्ष पहले जो सोयाबीन के दाम थे, आज भी वही मिल रहे हैं, खाद नहीं मिल रहा है, अगर मिल रहा तो ब्लैक में नकली खाद मिल रहा है।
कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया ने कहा- यह एक प्रतीकात्मक विरोध है। मध्यप्रदेश में किसानों के हितों को कुचला जा रहा है। किसानों की अनदेखी की जा रही है। उसके खिलाफ यह प्रदर्शन है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि सरकार आम जनता की बात नहीं सुनना चाहती। कांग्रेस पार्टी किसानों की लड़ाई लड़ रही है। कांग्रेस उस किसान की बात करना चाहती है, जिसे प्रदेश के अंदर खाद नहीं मिल रहा। वह परेशान है क्योंकि बोवनी नहीं कर पा रहा है।
यह भी पढे़ं: पद्मश्री से सम्मानित चित्रकार जोधइया अम्मा का निधन, बैगा चित्रकारी को दुनियाभर में दिलाई पहचान
दूसरी तरफ, भोपाल के जवाहर चौक पर पार्टी कार्यकर्ता इकट्ठा होने लगे हैं। यहां मंच बनाया गया है, जिस पर एमपी कांग्रेस कमेटी के प्रदेश पदाधिकारी, विधायक, सांसद, विधानसभा लोकसभा के प्रत्याशी, जिलाध्यक्ष बैठेंगे। विधानसभा में उपस्थिति दर्ज कराने के बाद कांग्रेस विधायक जवाहर चौक पर सभा के लिए पहुंचेंगे। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ विधानसभा घेराव के लिए निकलेंगे। जवाहर चौक स्थित सभा स्थल पर अलग-अलग जिलों से समूहों में के रूप में कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंच रहे हैं।