भोपाल।

मध्य प्रदेश कांग्रेस के सभी 22 बागी विधायक रविवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और ज्योतिरादित्य सिंधिया की मौजूदगी में दिल्ली में भाजपा में शामिल हो गए। बीती रात वे भोपाल पहुंचे। यहां पूर्व मुख्यीमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित भाजपा नेताओं ने स्वागत किया। अब ये अपने क्षेत्र में पहुंचेंगे। कांग्रेस छोड़ कर भाजपा जाने के उनके निर्णय पर साथी विधायकों ने तीखी नाराजगी जताई है।



 





 



पूर्व मंत्री और प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यहक्ष जीतू पटवारी ने ट्वीट कर कहा कि  हम सभी को मिलकर कांग्रेस के एक-एक कार्यकर्ता के सम्मान एवं स्वाभिमान को जो ठेस लगी और जो धोखा हुआ उसकी लड़ाई लड़नी है। भाजपा द्वारा किया गया यह कृत्य जनता के जनादेश का अपमान है, जिसे हमें सम्मान में परिवर्तित करने के लिए संघर्ष करना है। सरकार गिरी है, हौसले अभी भी जिंदा है - फिर लड़ेंगे, फिर जीतेंगे...।



 





 



कालापीपल से कांग्रेस विधायक व युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुणाल चौधरी ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर कांग्रेस को मंझधार में छोड़ने वाले विधायकों पर निशाना साधा। उन्होंंने कहा कि दिल्ली की सरजमीं पर "वे" जयचंदों के साथ मुस्कुरा रहे है...। उनके हाथों में देश कैसे हो सकता है महफूज़  जो गद्दारों को थपथपा रहे है...। चौधरी ने ट्वीट में लिखा कि गद्दारों का सियासत में हो रहा है स्वागत और जयचंदों के साथ भाजपा कर रही है देशभक्ति की बात..। यह है नकली राष्ट्रवादी पार्टी की असल जात..। अगले ट्वीट में कुणाल ने लिखा- कोरोना से खतरनाक वायरस, सत्ता की दलाली के बाद मध्यप्रदेश की पवित्र जमीन पर आ रहे हैं..। सावधान ये लोग पैसे के लिए कोई भी सौदेबाज़ी कर सकते हैं। इन धोखेबाजों से जनता और कार्यकर्ता दूर रहे..। चंबल-ग्वालियर की जमीन वीर सपूतों की वीर भूमि भी कहलाई है लेकिन कुछ गद्दारों ने इसके वैभव को धूल धूसरित भी किया है...। अब इस इलाके से गद्दारों को मिटाना है, सौदेबाजी और बिकाऊ नेताओं को उनकी औकात दिखाना है।