भोपाल। मध्य प्रदेश में कांग्रेस अपने संगठन को मजबूत करने में जुटी है। कांग्रेस के फ्रंटल संगठन युवा कांग्रेस के चुनाव का ऐलान हो चुका है। वहीं, राज्यभर में परफॉर्मेंस के आधार पर जिलाध्यक्षों की नियुक्ति की भी तैयारी है। इसी बीच मंगलवार को पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी की बैठक बुलाई गई।
इस बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार मौजूद रहे। इस दौरान पार्टी नेताओं से संगठन के संबंध में सुझाव लिए गए और आगामी रणनीति को लेकर चर्चा हुई। बैठक में पार्टी नेताओं ने बूथ स्तर तक संगठन के विस्तार पर जोर दिया।
यह भी पढ़ें: MP में 108 और जननी एंबुलेंस योजना में हो रहा भ्रष्टाचार, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने पीएम मोदी को लिखा पत्र
बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव, कांतिलाल भूरिया, CWC सदस्य कमलेश्वर पटेल, CEC सदस्य ओमकार मरकाम, राज्यसभा सांसद अशोक सिंह, प्रदेश सहप्रभारी संजय दत्त, चंदन यादव, रणविजय सिंह, राष्ट्रीय सचिव सत्यनारायण पटेल, पूर्व मंत्री सज्जनसिंह वर्मा, बाला बच्चन, विजयलक्ष्मी साधौ, विधायक फुलसिंह बरैया, आरिफ मसूद जी, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विभा पटेल, NSUI प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, सेवादल अध्यक्ष योगेश यादव सहित वरिष्ट नेतागण उपस्थित थे।