मध्यप्रदेश में बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। इंदौर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर के 24 ब्लॉकों में पेट्रोल-गैस, बिजली की बढ़ी दरों और शक्कर के महंगे होने के खिलाफ विरोध जताया। राजवाड़ा समेत कई स्थानों पर प्रदर्शन के दौरान शक्कर की छोटी पुड़िया और पनीर बांटा गया। जबकि, हरसिद्धि मंदिर रोड पर कार्यकर्ताओं ने चूल्हा जलाकर रोटियां बनाईं और लोगों को खिलाया। यह आंदोलन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर किया गया।
राजवाड़ा पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शक्कर और पनीर बांटकर बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। यहां कार्यकर्ताओं के हाथों में अबकी बार शक्कर 70 पार जैसे पोस्टर भी नजर आए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आने वाले त्योहारों के बीच शक्कर की कीमत बढ़ने से घरेलू बजट पर अतिरिक्त दबाव पड़ेगा। रक्षाबंधन के बाद गणेश चतुर्थी, श्राद्ध पक्ष, नवरात्र, दशहरा और दीपावली जैसे त्योहार हैं जिनमें मिठाइयों और अन्य पकवानों में शक्कर की खपत बढ़ जाती है।
यह भी पढ़ें:उज्जैन में करणी सेना के दो गुटों में खूनी झड़प, 2 लोगों की मौत
शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने दावा किया कि शक्कर के भाव में 30 से 35 रुपए प्रति किलो तक की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि महंगी शक्कर का असर सीधे आम परिवारों की रसोई पर पड़ रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसी मुद्दे को प्रतीकात्मक तरीके से उठाते हुए लोगों के बीच शक्कर की छोटी-छोटी पुड़ियां बांटी।
कांग्रेस नेता विपिन यादव ने कहा कि सरकार और उसके मंत्रियों की ओर से महंगाई के बीच शक्कर कम खाने की सलाह दी जा रही है। इसी पर तंज कसते हुए कांग्रेस ने छोटी पुड़िया बांटकर लोगों को यह संदेश दिया कि महंगाई के दौर में त्योहारों पर शक्कर का इस्तेमाल भी सीमित करना पड़ रहा है।
प्रमोद कुमार द्विवेदी ने भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय के उस बयान पर निशाना साधा जिसमें उन्होंने शक्कर महंगी होने पर कम खाने की बात कही थी। द्विवेदी ने कहा कि एक ओर भाजपा के नेता कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने के लिए गुलाब जामुन खिला रहे हैं और मुख्यमंत्री मिठाई, रबड़ी और जलेबी खाते नजर आते हैं जबकि आम लोगों को कम मीठा खाने की सलाह दी जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई की समस्या का जवाब देने के बजाय ऐसे बयानों के जरिए अपनी जिम्मेदारी से बच रही है।
यह भी पढ़ें:छत्तीसगढ़ में एक और पेपर लीक, कृषि विश्वविद्यालय के परीक्षा की जांच की मांग
इंदौर में महंगाई के साथ शहर के अधूरे विकास कार्यों को भी कांग्रेस ने प्रदर्शन का मुद्दा बनाया। हरसिद्धि मंदिर रोड पर कार्यकर्ताओं ने चूल्हा जलाकर रोटियां तैयार कीं और लोगों को खिलाई। इसी दौरान महंगाई पर कटाक्ष करते हुए शुगर फ्री चाय भी बांटी गई। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जूनी इंदौर, जबर कॉलोनी और नंदलालपुरा सहित कई इलाकों में लंबे समय से सड़क खुदाई और निर्माण का काम चल रहा है। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ व्यापारियों के कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने शक्कर के अलावा ई20 पेट्रोल, बिजली के बढ़ते बिल और घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों को लेकर भी सरकार को घेरा। कांग्रेस का आरोप है कि पेट्रोल में एथेनॉल मिश्रण से वाहनों के माइलेज पर असर पड़ रहा है जिससे वाहन चालकों का खर्च बढ़ता है। वहीं, बिजली और रसोई गैस के बढ़ते दामों ने घरेलू बजट पर लगातार दबाव बढ़ाया है।
इंदौर में विरोध का असर शहर के कई हिस्सों में दिखाई दिया। चंदन नगर पेट्रोल पंप, बाणगंगा, स्कीम नंबर 51, एरोड्रम, मंगल नगर, परदेशीपुरा, स्कीम नंबर 54, रोबोट चौराहा, स्कीम नंबर 78, छावनी, हरसिद्धि मंदिर रोड, राजवाड़ा, माणिकबाग, गंगवाल बस स्टैंड, महू नाका, फूटी कोठी, तिलक नगर, गीताभवन, विकास नगर, मुसाखेड़ी, सिलिकॉन सिटी और तेजाजी नगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। प्रदर्शनकारियों ने महंगाई, पेट्रोल की कीमत और सरकार की नीतियों को लेकर जमकर विरोध दर्ज कराया।
यह भी पढ़ें:नेपाल में भीषण बाढ़ से कैलाश मानसरोवर यात्रा प्रभावित, 384 यात्री लापता, इनमें 100 से अधिक भारतीय
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े ने कहा कि सरकार महंगाई कम करने, पेट्रोल के दाम घटाने, किसानों की आय दोगुनी करने और लोगों के खातों में 15-15 लाख रुपए पहुंचाने जैसे वादों के साथ सत्ता में आई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि अब उन्हीं वादों को जुमला बताया जा रहा है। वानखेड़े ने कहा कि शक्कर, गैस सिलेंडर और बिजली जैसी रोजमर्रा की जरूरतों के महंगे होने से आम आदमी परेशान है और इसी के खिलाफ कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर आवाज उठाई है।
इंदौर के अलावा इटारसी और बड़वानी में भी कांग्रेस ने महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन किया। इटारसी के जयस्तंभ चौक पर नगर कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। यहां विरोध का अलग तरीका अपनाते हुए राखी विक्रेताओं को फीका हलवा बांटा गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि महंगाई का असर सिर्फ घरों के बजट पर नहीं बल्कि त्योहारों के दौरान होने वाले कारोबार पर भी पड़ रहा है।
बड़वानी जिले के सेंधवा विधानसभा क्षेत्र में वरला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने रैली निकालकर प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस के आह्वान पर हुए इस आंदोलन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ नारे लगाए। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम वरला तहसीलदार अजय चौहान को ज्ञापन सौंपा। इसमें महंगाई पर नियंत्रण लगाने और आम लोगों को राहत देने की मांग की गई।
यह भी पढ़ें:मध्य प्रदेश सरकार को बर्खास्त करने की मांग, जीतू पटवारी ने राष्ट्रपति मुर्मू को लिखा पत्र