भोपाल। कांग्रेस ने मध्य प्रदेश विधानसभा उप चुनाव के लिए अपना वचन पत्र जारी कर दिया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमल नाथ ने यह वचन पत्र पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत पार्टी के तमाम प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में जारी किया। इस वचन पत्र में कांग्रेस ने प्रदेश की जनता के लिए 52 बड़ी घोषणाएं की हैं। इनमें कोरोना प्रभावित लोगों को राहत देने के विशेष एलान, किसानों को राहत देने की घोषणाएं शामिल हैं।



 





 



कमलनाथ ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने अपने इस वचन पत्र में अगले तीन साल के दौरान मध्य प्रदेश के विकास का खाका पेश किया है। उन्होंने कहा कि शिवराज चौहान ने प्रदेश में सत्ता संभालने के बाद से विकास का काम ठप कर दिया है, जिसे उपचुनाव के बाद बनने वाली कांग्रेस की सरकार फिर से शुरू करेगी।



इस मौके पर हुई प्रेस कॉफ्रेंस में कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर तीखा पलटवार भी किया। पत्रकारों ने जब उनसे पूछा कि शिवराज सिंह चौहान आपको मिस्टर 15 परसेंट कह रहे हैं, तो कमलनाथ बोले, मुझे मिस्टर 15 परसेंट कहने वाले खुद मिस्टर 115 परसेंट हैं। कमलनाथ ने उपचुनाव के बाद प्रदेश में फिर से कांग्रेस सरकार बनने का भरोसा जाहिर करते हुए कहा कि शिवराज जी आपको मुख्यमंत्री की कुर्सी पर अब बस 15 दिन और काटने हैं। ़