नीमच। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट की तैयारियां जोरों पर है। 24 और 25 फरवरी को होने वाले इस आयोजन का उद्घाटन पीएम मोदी करेंगे। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने इस समिट को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा है कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के नाम पर करोड़ों रुपए फूंके जा रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह शुक्रवार को नीमच पहुंचे। यहां जिला कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में आयोजित कार्यकर्ताओं सम्मेलन के कार्यकर्ताओं से चर्चा की और पार्टी हित में कार्य करने के निर्देश दिए। कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद दिग्विजय सिंह ने पत्रकारों से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट को लेकर कई सवाल उठाए। 

यह भी पढे़ं: छुटभैये नेता आमजन पर रोब जमा रहे हैं, हूटर का दुरुपयोग रोकने दिग्विजय सिंह ने DGP को लिखा पत्र

दिग्विजय सिंह ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट के नाम पर प्रदेश सरकार करोड़ों रुपये बर्बाद कर रही है। यह केवल अधिकारियों और पूंजीपतियों के बीच संपर्क बनाने का जरिया है, जिसका फायदा भाजपा के लोग उठाते हैं। दिग्विजय सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में साइन हुए एमओयू का हिसाब भी मांगा।

किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार सिर्फ पूंजीपतियों की सरकार है। भाजपा सरकार में किसानों द्वारा खून पसीना बहाकर उगाई जा रही सोयाबीन के दाम घट रहे हैं। तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने काले धन को वापस लाने के मोदी के वादे और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों का भी मुद्दा उठाया। 

कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौरसिया, पूर्व विधायक डॉ. संपत स्वरूप जाजू समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके बाद दिग्विजय मनासा में पूर्व राज्यसभा सांसद बालकवि बैरागी की जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए मनासा रवाना हो गए। दिग्विजय सिंह ने नीमच-मंदसौर में चीता प्रोजेक्ट और खिमला प्रोजेक्ट से प्रभावित परिवारों से भी मुलाकात की।