भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक 7वीं कक्षा की बच्ची की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। पुलिस इसे आत्महत्या बता रही है। हालांकि, परिजनों को गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका है। कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने इस पूरे मामले में उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।



जानकारी के मुताबिक भीमनगर की रहने वाली 13 वर्षीय खुशी कुशवाहा सातवीं क्लास में पढ़ती थी। उसके पिता फूलन देव कुशवाहा सब्जी बेचने का काम करते हैं। परिवार मूल रूप से रीवा जिले का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि रविवार रात 8 बजे के करीब लड़की अपने पिता की दुकान पर गई थी। वहां से लौटते वक्त रास्ते में भाई कृष्णा मिला। जिसने घर चलकर पढ़ाई करने की बात कही।



यह भी पढ़ें: 10 लाख युवाओं को नौकरी, 3 हजार रुपए बेरोजगारी भत्ता, कर्नाटक में राहुल गांधी का बड़ा ऐलान



इसके कुछ देर बाद परिवार जब घर पहुंचा तो दरवाजा खुला हुआ था। अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि खुशी घर में लगी बल्ली पर दुपट्टे के फंदे से लटकी झूल रही थी। इसके बाद परिजन आनन फानन में लड़की को उतारकर जेपी अस्पताल ले गए जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लड़की के पिता ने गला घोंटकर मारने का संदेह जताया है। उनका कहना है कि किसी चीज की परेशानी नहीं थी। शाम को बहुत आराम से दुकान आई थी तब भी ऐसा कुछ नहीं लगा कि वो परेशान है।





घटना को लेकर कांग्रेस विधायक पीसी शर्मा ने राज्य सरकार पर हमला बोला है। पीसी शर्मा ने कहा कि बच्ची पर पहले भी हमले हुए है। इस मामले की पूरी जाँच होनी चाहिए। ढोंगी शिवराज सरकार द्वारा खूब कहा जाता है, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ। लेकिन वास्तविक स्थिति सामने है। कल मैं इस मामले को विधानसभा मे उठाऊंगा। न्याय के लिए हम आख़री दम तक लड़ेंगे।