धार: नहर में कार गिरने से 2 महिलाओं की मौत, 10 साल का मासूम लापता, तलाश में जुटी रेस्क्यू टीम

ओम्कारेश्वर परियोजना की बड़ी नहर में कार अनियंत्रित होकर गिर गयी। कार में 6 लोग सवार थे। जिसमें से 3 सुरक्षित बच गए हैं।

Publish: Sep 08, 2023, 12:43 PM IST

Image courtesy- Naidunia
Image courtesy- Naidunia

धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां कार एक कार ओम्कारेश्वर परियोजना के तहत बनी नहर में जा गिरी। कार में 6 लोग सवार थे। जिनमें से 2 महिलाओं की मौत हो गयी। वहीं एक 10 साल का मासूम बच्चा गायब है। रेस्क्यू टीम बच्चे को खोजने में जुटी हुई है। तीन अन्य लोगों को मौके पर मौजूद लोगों ने कार से बाहर निकाल लिया था।

जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार देर रात धार के समीप ग्राम जमनिया में हुई। यहां एक परिवार के 6 सदस्य ग्रैंड विटारा कार क्रमांक MP 09 ZF7190 से घर जा रहे थे। इस दौरान ग्राम जामनिया से कुछ दूरी पर स्थित नहर पार करने के दौरान कार अनियंत्रित होकर पुल से नीचे नहर में जा गिरी। आस-पास के लोगों ने कार को नहर में गिरते देखा तो फौरन उन्होंने नहर से लोगों को बाहर निकालने के प्रयास शुरू किए।

ग्रामीणों ने कार में मौजूद लोगों में से 3 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस तत्काल एसडीआरएफ की टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने बताया कि कार में 6 लोग सवार थे जिसमें से 3 को ग्रमीणों ने बचा लिया वहीं 2 महिलाओं की कार में मौत हो गयी। जिनके शव पुलिस ने बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। वहीं एक 10 साल का बच्चा अभी लापता है जिसकी तलाश की जा रही है।

धरमपुरी थाना क्षेत्र प्रभारी ने संतोष यादव ने बताया कि कार सवार कुसुम नारायण (32 वर्ष) और झालूबाई भावसिंह (55 वर्ष) की पानी में डूबने से मौत हो गई है। कार में पूरा परिवार सवार था जिसमें से 3 लोग बचे हैं। एक बच्चा अभी लापता है। वह मृतक महिला कुसुम का बेटा है। रेस्कयू टीम तलाश में जुटी हुई है।