भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में उज्जैन से अयोध्या तक निकाली जा रही सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा बुधवार को पांच दिवसीय दीपोत्सव अवकाश के बाद फिर शुरू हो गई। यात्रा के अठारहवें दिन की शुरुआत गुना जिले के राघौगढ़ से हुई। दिग्विजय सिंह के गृह नगर में पदयात्रा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। इस दौरान मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी भी यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने पदयात्रा में कदम से कदम मिलाकर दिग्विजय सिंह के संकल्प को समर्थन दिया।
बता दें कि दीपावली के पर्व को देखते हुए 6 से 10 नवंबर तक यात्रा में पांच दिनों का विराम रखा गया था। इसका उद्देश्य था कि पदयात्री और यात्रा से जुड़े सहयोगी अपने परिवारों के बीच रहकर दीपावली का त्योहार मना सकें। यात्रा 5 नवंबर को राघौगढ़ के पाटई आश्रम स्थित हनुमान मंदिर पहुंची थी, जहां पूजा-अर्चना और महाआरती के बाद पहले चरण को विराम दिया गया था। बुधवार सुबह पाटई आश्रम में दर्शन-पूजन के बाद दूसरे चरण की शुरुआत हुई।
राघौगढ़ दिग्विजय सिंह का गृह नगर है और यहां से उनके बेटे जयवर्धन सिंह विधायक हैं। लिहाजा यात्रा के दोबारा शुरू होने पर स्थानीय लोगों में विशेष उत्साह नजर आया। जयवर्धन सिंह ने भी क्षेत्रवासियों से बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील की थी। नगर भ्रमण के दौरान जगह-जगह पदयात्रियों का आत्मीय स्वागत और अभिनंदन किया गया।
यात्रा में जीतू पटवारी की सहभागिता भी खास रही। इससे पहले वे उज्जैन में यात्रा के शुभारंभ के अवसर पर भी शामिल हुए थे। अब दूसरे चरण की शुरुआत में राघौगढ़ पहुंचकर उन्होंने एक बार फिर दिग्विजय सिंह के साथ पदयात्रा की। दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर पटवारी का स्वागत करते हुए उनके समर्थन के लिए आभार जताया।
दिग्विजय सिंह ने कहा कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा केवल एक पदयात्रा नहीं, बल्कि सत्य, धर्म, स्वाभिमान, सामाजिक समरसता और सनातन मूल्यों की रक्षा का जनसंकल्प है। इसका उद्देश्य सनातन धर्म के मूल आदर्शों सत्य, अहिंसा, करुणा, प्रेम, सद्भाव और सर्वधर्म समभाव को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही धार्मिक स्थलों और संस्थाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही तथा श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान सुनिश्चित करने के लिए जनजागरण करना है।
उन्होंने कहा कि धर्म का आधार नफरत और विभाजन नहीं, बल्कि प्रेम, सद्भाव और मानव कल्याण होना चाहिए। भगवान श्रीराम के आदर्शों पर आधारित रामराज्य की परिकल्पना भी न्याय, समानता, सत्य और सबके सम्मान की भावना से ही साकार हो सकती है।
गौरतलब है कि सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा की शुरुआत 20 अक्टूबर को विजयादशमी के अवसर पर उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर से हुई थी। पहले चरण में यात्रा उज्जैन, शाजापुर और राजगढ़ होते हुए गुना जिले के राघौगढ़ पहुंची। अब दूसरे चरण में पदयात्री श्रीरामराजा सरकार की नगरी ओरछा होते हुए अयोध्या धाम की ओर बढ़ेंगे। यात्रा के दौरान धार्मिक स्थलों में चढ़ावे और दान की व्यवस्था में पारदर्शिता, राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे की निष्पक्ष जांच और वोट चोरी के आरोपों की जांच जैसे मुद्दे भी उठाए जा रहे हैं। दिग्विजय सिंह का संकल्प है कि धर्म में पाखंड के बजाय पारदर्शिता हो, समाज में नफरत के बजाय सद्भाव हो और हर हृदय में सत्य, प्रेम एवं मानवता का वास हो।