भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित आईएसबीटी परिसर में देर रात आग लग गई। चार्टर्ड साइकिल गोडाउन में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस आगजनी में करीब 35 ई बाइक और सवा सौ चार्टर्ड साइकिल जलकर खाक हो गई।

दरअसल, ISBT परिसर में ही ई-बाइक और चार्टर्ड साइकिल का चार्जिंग स्टेशन और गोडाउन बना है। यहां शनिवार देर रात चार्जिंग के दौरान शार्ट सर्किट के कारण एक ई बाइक में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।

यह भी पढ़ें: देश में कोरोना की डरावनी रफ्तार जारी, पिछले 24 घंटे में 5 हजार से ज्यादा नए मामले, 11 मौतें

सूचना मिलने के बाद रात करीब 2.37 बजे माता मंदिर फायर स्टेशन से दमकलें रवाना हुई। करीब तीन घंटे में आग पर पूरी तरह से काबू पाया जा सका। हालांकि, तबतक करीब 35 ई बाइक और सवा सौ चार्टर्ड साइकिल जलकर खाक हो गई। यदि समय रहते आग को काबू नहीं किया जाता तो आईएसबीटी में खड़ी बसें भी इसकी चपेट में आ सकती थी।

आगजनी की इस घटना में करोड़ों की राशि के नुकसान होने की आशंका है। फिलहाल स्मार्ट सिटी प्रबंधन की टीम नुकसान का आकलन करने में जुटी हुई है। बता दें कि हाल ही में स्मार्ट सिटी ने शहर भर में रेंट पर चार्टर ई-बाइक की सुविधा शुरू की थी। ई-बाइकों को भोपाल में बने 6 स्टेशनों पर खड़ा किया जा रहा था। कुल 75 बाइकें पहली खेप में आई थी।