जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर एक एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने 8 साल की एक मासूम बच्ची के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। बच्ची पर आरोप है कि उसने वेयर हाउस में घुसकर रीजनल मैनेजर के साथ बदसलूकी की और उसे जान से मारने की धमकी दी। इस एफआईआर के बाद अब पुलिस की कार्रवाई पर से लोगों का भरोसा ही उठ गया है।

दरअसल, यह पूरा मसला शहपुरा ब्लॉक में हुए धान घोटाले से जुड़ा हुआ है। बीते दिनों शहपुरा वेयरहाउसिंग की सर्चिंग के दौरान एक वेयरहाउस में धान कम मात्रा में मिली थी। इसके बाद वेयरहाउस संचालक के खिलाफ जांच शुरू हो गई लेकिन इस जांच को लेकर संचालकों ने वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। 

यह भी पढ़ें: दिग्विजय सिंह और शशि थरूर के बीच होगा फाइनल मुकाबला, अशोक गहलोत नहीं लड़ेंगे चुनाव

संचालकों का कहना है वेयरहाउस का काम केवल धान का संग्रहण करना है। बावजूद सर्चिंग के दौरान वेयरहाउस संचालक से बदसलूकी की गई। इस मामले पर वेयरहाउस संचालकों ने हाल ही में वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन के अधिकारी से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। लेकिन इस मुलाकात के बाद वेयरहाउसिंग के आरएम ने वेयरहाउस संचालकों पर जान से मारने की धमकी देने और बदसलूकी जैसे आरोप लगाते हुए विजय नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इस पर पुलिस ने 11 लोगों पर एफ आई आर दर्ज की है। लेकिन एक नाम 8 साल की बच्ची का भी है।

बच्ची के खिलाफ एफआईआर होने पर वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन की लापरवाही तो सामने आ ही रही है। पुलिस ने भी इस मामले में आंख बंद करके एफ आई आर दर्ज कर ली। अब इस मामले पर जिला प्रशासन का कहना है पुलिस अपने स्तर पर जांच पड़ताल करेगी। वेयरहाउस संचालकों का कहना है यह मामला बेहद गंभीर है। उनके खिलाफ गलत तरीके से एफ आई आर दर्ज की गयी। बच्ची के पिता भी एफआईआर के बाद हैरत में हैं।