सागर दौरे पर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, विदिशा में दलित समाज की महिलाओं ने गाड़ी रोककर बांधी राखी

दिग्विजय सिंह थोड़े देर में सागर जिले के बरोदिया नौनागिर आएंगे। वे यहां गांव में रघुवीर अहिरवार के बेटे नितिन अहिरवार की हत्या पर शोक व्यक्त करेंगे और घटनाक्रम की पूरी जानकारी भी लेंगे।

Updated: Aug 30, 2023, 03:16 PM IST

विदिशा। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह बुधवार को सागर दौरे पर हैं। वे बरोदिया नौनागिर गांव पहुंचकर दलित हत्याकांड के पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे और उन्हें ढांढस बंधाएंगे। बुधवार को भोपाल से सागर के लिए निकले पूर्व सीएम के काफिले को विदिशा में दलित समाज की महिलाओं ने रोक लिया।

दलित समाज की महिलाओं ने दिग्विजय सिंह को रोककर बीच सड़क पर ही रखी बांधी। दिग्विजय सिंह को दलित महिलाओं द्वारा राखी बांधने की तस्वीरें भी सामने आई है। दिग्विजय सिंह थोड़े देर में सागर जिले के बरोदिया नौनागिर आएंगे। वे यहां गांव में रघुवीर अहिरवार के बेटे नितिन अहिरवार की हत्या पर शोक व्यक्त करेंगे। घटनाक्रम की पूरी जानकारी भी लेंगे।

सिंह ने बुधवार सुबह ट्वीट कर लिखा था, 'समस्त देशवासियों को भाई-बहन के अटूट रिश्ते, स्नेह व असीम प्रेम के प्रतीक "रक्षा बंधन" के पवित्र पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। आज में अनुसूचित वर्ग के उस परिवार के साथ रहूँगा जिसके नौजवान मासूम निर्दोष बेटे की दबंगों द्वारा हत्या कर दी। यह मेरा परिवार है।'

बता दें कि बीते 24 अगस्त की शाम बरोदिया नौनागिर में 18 साल के नितिन अहिरवार की हत्या कर दी गई थी। बेटे को बचाने पहुंची मां को निर्वस्त्र कर पीटा था। परिजनों के मुताबिक आरोपियों ने मृतक की बहन के साथ छेड़छाड़ की थी और एफआईआर वापस लेने का दबाव बना रहे थे। इसी बात से इनकार करने पर उसे मार डाला। पुलिस इस केस में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।