जबलपुर। विश्व की स्वघोषित सबसे बड़ी पार्टी बीजेपी एक बार फिर सदस्यता अभियान चला रही है। इसके तहत मिस कॉल के माध्यम से लाखों लोगों को भाजपा का सदस्य बनाया जा रहा है। सदस्यता अभियान के अजीबोगरीब किस्से भी सामने आ रहे हैं। मध्य प्रदेश बीजेपी तो सदस्यता अभियान में भी बड़े स्तर पर फर्जीवाड़ा कर रही है। राज्यभर में लाडली बहनों और मुफ्त राशन योजना के लाभार्थियों को धोखे से मेंबर बनाए जाने की खबरें सामने आई। इसी बीच अब भाजपा के ही एक विधायक ने मेंबरशिप ड्राइव की पोल खोल दी है।

जबलपुर के पाटन से बीजेपी विधायक अजय विश्नोई ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर लिखा कि भाजपा के सदस्य बनवाने हैं तो पैसा खर्च कीजिए। आज मेरे फोन पर फोन नंबर +917880298199 से फोन आया। ये एक एजेंसी का फोन था, जो मेरे अकाउंट से भाजपा के सदस्य बनाने का ठेका मांग रहा था।

विश्नोई ने आगे लिखा, 'जाहिर है ऐसी और भी एजेंसी होंगी। जिनकी सेवाएं लेकर गणेश परिक्रमा करने वाले आधारहीन नेता संगठन की नजर में बड़े बनने की कोशिश में लगे होंगे। मैंने पहले भी कुछ लोग को विज्ञापन छपवाकर, नेताओं के सम्मान, स्वागत और घर के भीतर अपनी सेवाएं देकर नेता बनते देखा है। इस बार यह नया ट्रेंड देखने में आ रहा है। जहां पैसा खर्च करके अपने अकाउंट से बनने वाले सदस्यों की संख्या बढ़ाकर लोग बड़ा नेता बनने में लगे हैं। इस गिरावट पर हम पुराने कार्यकर्ता अफसोस करने के अलावा और कुछ नहीं कर सकते।'

बात दें कि मध्य प्रदेश में चल रहा बीजेपी का सदस्यता अभियान शुरू से ही विवादों में है। स्कूल, कॉलेजों में जबरन सदस्यता करवाने जैसे कई मामले सामने आ चुके हैं। अब बीजेपी के सीनियर विधायक और पूर्व मंत्री अजय विश्नोई ने ही इस मेंबरशिप ड्राइव पर सवाल उठाए हैं। इसे लेकर अब कांग्रेस भी भाजपा के इस नाटक-नौटंकी पर हमलावर है।

अजय बिश्नोई के खुलासे पर कांग्रेस सोशल मीडिया डिपार्टमेंट के चेयरमैन और पृथ्वीपुर विधायक नितेंद्र सिंह राठौर ने कहा कि इतनी बड़ी पार्टी में सदस्यता अभियान में जिस तरह से फर्जीवाड़े की बात लगातार आ रही है। वो बहुत शर्मनाक है। भारतीय जनता पार्टी के अनुभवी विधायक इस बात को भी कह रहे हैं। कॉन्ट्रैक्ट देकर भारतीय जनता पार्टी के सदस्य बनाया जा रहा है। बीजेपी नेताओं और पार्टी को अपने गिरेबां में झांकना चाहिए।