भोपाल। मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि से हुई भारी तबाही के बाद मध्य प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। शनिवार से मध्य प्रदेश में एक बार फिर बारिश और ओलावृष्टि का दौर शुरू हो सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक 25 और 26 मार्च को प्रदेश के ग्वालियर चंबल संभाग में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में शनिवार, रविवार और सोमवार को बारिश के साथ ओलावृष्टि होने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार तक मध्य प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। लेकिन उत्तर भारत में शुक्रवार को वेस्टर्न डिस्टरबेंस क्रिएट होगा जिसका असर मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों पर भी देखने को मिलेगा। 

मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक मध्य प्रदेश के पूर्वी हिस्सों, शहडोल, रीवा, जबलपुर और सागर संभाग में तीन दिनों तक हल्की बारिश हो सकती है। वहीं कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। 

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एचएस पांडेय ने कहा कि बुधवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। भोपाल का अधिकतम तापमान 35 डिग्री रह सकता है। वहीं आने वाले दिनों में धीरे धीरे तापमान में वृद्धि दर्ज की जाएगी। 

यह भी पढ़ें : किसानों की सुध नहीं ले रही सरकार, बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का सर्वे करेगी कांग्रेस

बीते दिनों मध्य प्रदेश में भारी बारिश और ओलावृष्टि के चलते भारी तबाही हुई थी। प्रदेश के 38 हजार से अधिक किसानों की फसलें बर्बाद हो गई। जिसके बाद शिवराज सरकार ने किसानों की फसलों को सर्वे करा कर उचित मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। इस संबंध में कांग्रेस पार्टी किसानों को जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग कर रही है। कांग्रेस ने यह मुद्दा विधानसभा में भी उठाया था। जिसके बाद सीएम शिवराज ने सागर और विदिशा जाकर पीड़ित किसानों से मुलाकात की थी।