मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में एक ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पिता ने नाबालिग बेटी की गोली मारकर हत्या कर दी। फिर उसकी लाश को नदी में फेंक दिया। बेटी का कसूर इतना था कि वो दूसरी जाति के लड़के से प्यार करती थी। उससे शादी करना चाहती थी।
पड़ोसी के संदेह जताने पर पुलिस ने पिता से पूछताछ की। सख्ती करने पर वह टूट गया। मर्डर की बात मान ली। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर रविवार को क्वारी नदी से बेटी का शव बरामद कर लिया है। आरोपी पिता पुलिस की हिरासत में है।
वारदात मुरैना के शिवनगर की है। आरोपी का नाम भरत उर्फ बंटू सिकरवार है। बेटी का नाम दिव्या था। 17 साल की दिव्या 12वीं की छात्रा थी। पुलिस के मुताबिक, भरत सिकरवार के एक पड़ोसी ने शनिवार को सिविल थाने में फोन किया। बताया कि भरत की बड़ी बेटी दिव्या दो दिन से गायब है। यह भी कहा कि गुरुवार को उसने भरत के घर से गोली चलने और किसी के चीखने की आवाज सुनी है। इस पर पुलिस भरत के घर पहुंची।
पूछताछ के दौरान पुलिस को पता लगा कि भरत के घर में पांच सदस्य हैं। पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा। बड़ी बेटी दिव्या घर से गायब थी। उसके बारे में पूछने पर भरत ने गोलमोल जवाब दिया। पुलिस का शक गहरा गया। पुलिस शनिवार को ही भरत को थाने ले आई और उससे पूछताछ शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, दिव्या दूसरी जाति के लड़के से प्यार करती थी। उससे शादी पर अड़ी थी। समझाने पर भी नहीं मान रही थी। 23 सितंबर की रात करीब 9 बजे के करीब इसी बात पर पिता और बेटी में झगड़ा हुआ। गुस्से में आकर भरत ने दिव्या को गोली मार दी। फिर उसके शव को बोरे में भरा। तिरपाल से बांधकर गलेथा पंचायत में अपने पैतृक गांव भगवान सिंह का पुरा ले गया। यहां दिव्या के शव को पत्थर बांधकर क्वारी नदी में फेंक दिया।