आगर मालवा। मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। वहां सुसनेर से कुरावर जा रही एक निजी यात्री बस बड़ागांव के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे से पहले बस ने सड़क किनारे भैंस लेकर जा रहे एक बुजुर्ग को टक्कर मार दी। टक्कर की वजह से उस किसान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, दुर्घटना में 15 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा तब हुआ जब बस चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया। बड़ागांव के पास सड़क पर पैदल चल रहे 55 वर्षीय गोकुल सिंह यादव अपनी भैंस लेकर जा रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार बस ने उन्हें टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके तुरंत बाद बस असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गई। जिसकी वजह से उसमें सवार यात्री इधर-उधर गिर पड़े।
यह भी पढ़ें:IPL 2026 के आगाज से पहले CSK को झटका, चोट के चलते शुरुआती मैचों से बाहर रह सकते हैं माही
हादसे के समय बस में करीब 20 से 30 यात्री सवार थे। दुर्घटना में 15 यात्रियों को चोटें आई हैं। इनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तेज आवाज सुनकर तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। लोगों ने बस की खिड़कियां तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और तत्काल इलाज के लिए उन्हें नलखेड़ा के अस्पताल पहुंचाया।
घायलों को 108 और 112 एंबुलेंस की मदद से आगर मालवा जिला अस्पताल और मोहन बड़ोदिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। जबकि, गंभीर रूप से घायल चार से छह लोगों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, कुछ घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार बोयट और बड़ागांव चौकी प्रभारी सरदार सिंह परमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
यह भी पढ़ें:छिंदवाड़ा में खेत में मिला बाघ का शव, बैल के शिकार से नाराज होकर किसान ने दिया था जहर
चौकी प्रभारी सरदार सिंह परमार के मुताबिक, बस नंबर MP39P0265 में सवार यात्रियों में से अधिकांश घायल हुए हैं। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह माना जा रहा है कि चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार इस हादसे की बड़ी वजह हो सकती है।