दिग्विजय सिंह चाहेंगे तो सीएम शिवराज को भी कांग्रेस में खींच लाएंगे: पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा

कांग्रेस के दो शेर कमलनाथ और दिग्विजय सिंह काफी है, कांग्रेस 160 सीटों पर चुनाव जीतेगी और हम प्रदेश में सरकार बनाएंगे: सज्जन सिंह वर्मा

Updated: Jan 16, 2023, 11:38 AM IST

रतलाम। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और मौजूदा सीएम शिवराज सिंह चौहान की मुलाकात सुर्खियों में है। हालांकि, शनिवार को दोनों नेताओं की मुलाकात तब हुई जब वे स्टेट हैंगर पर शरद यादव के पार्थिव देह का इंतजार कर रहे थे। बावजूद सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। इस मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस के सीनियर विधायक सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह चाहेंगे तो शिवराज को भी कांग्रेस में खींच लाएंगे।

दरअसल पूर्व मंत्री और कांग्रेस विधायक सज्जन सिंह वर्मा रविवार को रतलाम पहुंचे थे। यहां सर्किट हाउस में मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में इस बार फिर से कांग्रेस की सरकार बन रही है।।जनता कांग्रेस की तरफ देख रही हैं। हम 160 सीटें जीत रहे हैं। कांग्रेस के दो शेर कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ही काफी है।

यह भी पढ़ें: चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों को दिखाया RVM का प्रोटोटाइप, कांग्रेस समेत अधिकांश विपक्षी दलों ने जताई आपत्ति

इस दौरान जब दिग्विजय सिंह और सीएम शिवराज की मुलाकात को लेकर पूछे जाने पर सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि, दिग्विजय सिंह हमारे वरिष्ठ नेता हैं। वह 10 साल मुख्यमंत्री रहे, 10 साल कांग्रेस के अध्यक्ष रहे। वे इतने ताकतवर हैं कि चाह लें तो शिवराज को भी कांग्रेस में खींच लाएं। पर हमें लाने की जरूरत क्या है, हमारे दो ही नेता काफी हैं। जिनको दगा देना था वो चले गए अब दो ही कद्दावर नेता हैं। आज मध्य प्रदेश की राजनीति में दो ही नाम चलते हैं। कमलनाथ जी की और दिग्विजय सिंह जी की। इन दो दिग्गजों ने कांग्रेस का पतवार संभाल रखा है।'

सज्जन सिंह वर्मा ने आगे कहा कि, 'जनता इस सरकार से त्रस्त है। महंगाई चरम पर है। किसान परेशान हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सिर्फ झूठ बोलते हैं। कांग्रेस की तो पूरी तैयारी है। हम 160 सीट लेकर आ रहे हैं।'