गृहमंत्री मिश्रा के क्षेत्र दतिया में अंधाधुंध गोलीबारी, पांच लोगों की मौके पर मौत, 8 की हालत नाजुक

धान के खेत में मवेशी घुस जाने से शुरु हुआ विवाद इतना बढ़ गया की दो पक्षों में गोलीबारी शुरू हो गई। घटना में 5 लोगों की मौके मौत हो गई जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

Publish: Sep 13, 2023, 02:24 PM IST

दतिया। मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के गृह जिले दतिया में गोलीबारी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां सिविल लाइन थाना अंतर्गत आने वाले रेंडा गांव में दो पक्षों के बीच खेत में गाय घुसने के मामूली विवाद में गोलियां चल गईं। इस गोलीकांड में दोनों पक्षों के 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं 8 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।  

जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह पाल और दांगी समाज के लोग खेत में गाय घुसने को लेकर हुए विवाद को सुलझाने के लिए पंचायत में एकत्रित हुए थे। इसी बीच विवाद सुलझने की जगह बढ़ गया और गोलीबारी में बदल गया। इस सामूहिक नरसंहार में दोनों पक्षों को मिलाकर पांच लोगों की मौत हो गई। जिसमें से दांगी समाज के तीन और पाल समाज के दो लोगों की मौत हुई है। जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस आनन-फानन में मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

सिविल लाइन थाना एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि प्रकाश दांगी का गांव के ही प्रीतम पाल से उसके धान के खेत में मवेशी घुस जाने को लेकर विवाद हुआ था। जिसके बाद दोनों पक्ष के लोग पंचायत में जुटे थे यहीं पर विवाद बढ़ा और गोलियां चल गईं। करीब आधा घंटे चली गोलीबारी में प्रकाश दांगी और उसके भाई रामनरेश दांगी व बेटे सुरेंद्र दांगी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे पक्ष के राजेंद्र पाल और राघवेंद्र पाल की मौत हो गई। 

घटना के बाद इलाके में तनाव का महौल है। पूरे गांव में पुलिस बल तैनात है। उच्च अधिकारी भी गांव पहुंच गए है। पुलिस की टीम पूरे मामले की जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि इन दोनों परिवारों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है।