इंदौर में विस्तारा फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, एक यात्री की मौत

इंदौर-बेंगलुरु से दिल्ली जा रही थी विस्तारा की फ्लाइट, यात्री की तबियत बिगड़ने पर इंदौर में कराया गया इमरजेंसी लैंडिंग, फिर भी नहीं बची जान

Updated: Oct 21, 2021, 11:08 PM IST

Photo Courtesy: The Print
Photo Courtesy: The Print

इंदौर। इंदौर में देर रात एक विमान को आपातस्थिति में उतारना पड़ा। बताया जा रहा है कि एक यात्री की तबियत बिगड़ने के कारण विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करायी गयी। बावजूद इसके यात्री की जान नहीं बचाई जा सकी।

जानकारी के मुताबिक विस्तारा की फ्लाइट संख्या uk-818 बेंगलुरु से उड़कर इंदौर होते हुए दिल्ली जा रही थी। बेंगलुरु से दिल्ली के लिए निकले एक यात्री मनोज अग्रवाल की विमान में ही तबियत खराब हो गई। 50 वर्षीय अग्रवाल को सांस लेने में तकलीफ होने लगी। उन्होंने इस बात की जानकारी एयर स्टाफ को दी।

यह भी पढ़ें: संयुक्त किसान मोर्चा से एक महीने के लिए निष्कासित हुए योगेंद्र यादव, मांगी माफी 

विमान चालक दल ने तत्काल इंदौर एयरपोर्ट पर इस बात की जानकारी दी। इसके बाद इमरजेंसी केस मानते हुए इंदौर में देर रात फ्लाइट की लैंडिंग करायी गयी। एयरपोर्ट से अग्रवाल को निजी हॉस्पिटल में इलाज के लिए भी ले जाया गया। लेकिन तबतक उनकी मौत हो चुकी थी। एयरोड्रम पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए उनके शव को जिला अस्पताल में भेज दिया है।