CJP प्रवक्ता सौरव दास के विदेश जाने पर रोक, पासपोर्ट में गड़बड़ी मिलने के बाद लुकआउट सर्कुलर जारी
केंद्र सरकार ने दिल्ली हाईकोर्ट को बताया कि पासपोर्ट में जानकारी के अंतर के चलते सौरव दास के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी हुआ है। 23 नवंबर को लंदन फ्लाइट से रोके जाने के बाद उन्होंने कोर्ट का रुख किया।
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास अब फिलहाल विदेश यात्रा नहीं कर सकेंगे। केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट में बताया कि उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। सरकार ने पासपोर्ट में पिता का नाम दर्ज नहीं होने और जन्मस्थान, शिक्षा व पते से जुड़ी जानकारियों में अंतर को इसकी वजह बताया है। केंद्र के मुताबिक, इन विसंगतियों का असर उनकी नागरिकता से जुड़े सवालों पर भी पड़ सकता है। हालांकि, सरकार ने स्पष्ट किया कि उनका पासपोर्ट रद्द नहीं किया गया है।
दरअसल 23 नवंबर को सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया था। उनकी रात 1 बजे की फ्लाइट थी। सौरव को ब्रिटेन में कॉकरोच मूवमेंट पर चर्चा के लिए आमंत्रित किया गया था। एयरपोर्ट पर रोके जाने के बाद उन्होंने 24 नवंबर को दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया और विदेश यात्रा पर लगाई गई रोक को चुनौती दी।
यह भी पढ़ें:WhatsApp ने लॉन्च किया नया फीचर, यूजर्स 14 दिन पहले शेड्यूल कर सकेंगे मैसेज
सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने बताया कि 23 नवंबर को शाम 7:32 बजे सौरव को नोटिस भेजा गया था। इसके चार मिनट बाद उन्हें विदेश यात्रा नहीं करने की सलाह दी गई। पासपोर्ट में मिली विसंगतियों पर जवाब देने के लिए उन्हें 30 नवंबर तक का समय दिया गया है।
सौरव दास की ओर से पेश वकील अखिल सिब्बल ने अदालत में कहा कि उनके मुवक्किल को LOC जारी होने या विदेश यात्रा पर रोक लगाए जाने की पहले से कोई जानकारी नहीं दी गई थी। उन्हें इसकी सूचना दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद मिली। जबकि, इमिग्रेशन अधिकारियों ने इससे पहले ही उन्हें फ्लाइट में बैठने से रोक दिया था।
वकील ने अदालत से LOC जारी करने का आधार स्पष्ट करने और उसकी कॉपी उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर केंद्र ने कहा कि नोटिस की कॉपी साझा नहीं की जा सकती। हालांकि, सरकार का कहना था कि अब सौरव को LOC की जानकारी मिल चुकी है और वे इसे अदालत में चुनौती दे सकते हैं।
यह भी पढ़ें:CM मोहन यादव ने छोड़ा इंदौर का प्रभार, मंत्री चेतन्य काश्यप को मिली जिम्मेदारी
विदेश जाने से रोके जाने के बीच सौरव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने पासपोर्ट की निजी जानकारी सार्वजनिक किए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने बुधवार को पोस्ट में दावा किया कि भाजपा समर्थक कुछ सोशल मीडिया हैंडल ने उनका पासपोर्ट लीक किया है। उन्होंने विदेश मंत्रालय से सवाल किया कि क्या नागरिकों के पासपोर्ट की जानकारी इस तरह सार्वजनिक होना सामान्य है और क्या किसी की निजी जानकारी उजागर करना कानूनी हो गया है।
सौरव दास ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर बताया था कि उन्हें कॉकरोच मूवमेंट पर चर्चा के लिए ब्रिटेन जाना था। उन्होंने दावा किया कि इस विषय पर बातचीत के लिए ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) और एडिनबरा जैसे संस्थानों से निमंत्रण मिला था।
आधिकारिक लिस्टिंग के अनुसार, 1 दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में इस विषय पर पैनल चर्चा प्रस्तावित है। जिसमें सौरव को आमंत्रित किया गया है। हालांकि, ऑक्सफोर्ड यूनियन ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है बल्कि स्वतंत्र रूप से संचालित होने वाली डिबेटिंग सोसाइटी है। फिलहाल पासपोर्ट संबंधी विसंगतियों पर जवाब देने के लिए सौरव के पास 30 नवंबर तक का समय है।
यह भी पढ़ें:ओरछा पहुंची सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा, दिग्विजय सिंह ने की रामराजा मंदिर के खजाने में चोरी की जांच की मांग




