Loksabha Election 2024: राजगढ़ लोकसभा सीट पर बंपर वोटिंग, शाम बजे तक 72.08 फीसदी मतदान

राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों में सुबह के 6 बजे से ही मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। यही कारण है कि शाम पांच बजे तक लोकसभा क्षेत्र में कुल 72.08 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है।

Updated: May 07, 2024, 06:47 PM IST

ब्यावरा। राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र में सुबह 7 बजे से मतदान जारी जो शाम 6 बजे तक चलेगा। यहां सुबह से बंपर वोटिंग हो रही है। क्षेत्र के मतदाता बढ़ चढ़कर अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। शाम के 5 बजे तक यहां मध्य प्रदेश में सर्वाधिक 72.02 फीसदी वोटिंग हुई है।

राजगढ़ लोकसभा क्षेत्र के मतदान केंद्रों में सुबह के 6 बजे से ही मतदाताओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। यही कारण है कि शाम पांच बजे तक लोकसभा क्षेत्र में कुल 72.08 प्रतिशत वोटिंग हो चुकी है। कड़ी धूप के बावजूद पोलिंग बूथों पर लंबी कतारें लगी हुई थी।

दरअसल, यहां कांग्रेस की ओर से दिग्विजय सिंह की उम्मीदवारी होने के कारण वोटर्स का उत्साह दोगुना हो गया है। दिग्विजय सिंह के चुनाव लडने के कारण राजगढ़ सीट देशभर में चर्चा का विषय भी बन गया है। मतदाता भी सिंह के साथ अपने रिश्ते को मजबूत करने के लिए बढ़-चढ़कर मतदान कर रहे हैं। 

सिंह का मुकाबला भाजपा के रोड़मल नागर से है। इस बार यहां से कुल 15 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिनमें 9 राजनीतिक पार्टियों के अलावा 6 निर्दलीय उम्मीदवार हैं। 8 विधानसभा वाले लोकसभा सीट में राजगढ़, ब्यावरा, खिलचीपुर, नरसिंहगढ, सारंगपुर, गुना जिले की राघोगढ़, चाचौड़ा और आगर जिले की सुसनेर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। 

इस लोकसभा क्षेत्र में कुल 18 लाख 75 हजार 211 मतदाता हैं। जिनमें 9 लाख 62 हजार पुरुष मतदाता हैं, 9 लाख 12 हजार 325 महिला मतदाता और 22 अन्य मतदाता शामिल हैं। साल 2019 में यहां 74.32% मतदान हुआ था। इस संसदीय क्षेत्र में कुल 2239 पोलिंग बूथ हैं। जिनमें 4 अति संवेदनशील और 661 संवेदनशील पोलिंग बूथ हैं। शांतिपूर्ण मतदान हेतु यहां 8 हजार सुरक्षा कर्मी सुरक्षा व्यवस्था में मौजूद हैं।