भोपाल में कांग्रेस वचनपत्र समिति की अहम बैठक, फाइनल ड्राफ्ट को लेकर चल रही है मंत्रणा

पीसीसी चीफ कमलनाथ के आवास पर चल रही है वचनपत्र समिति की बैठक, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी मौजूद, वचन पत्र को अंतिम स्वरूप देने को लेकर चल रहा विचार-विमर्श।

Updated: Jun 13, 2023, 02:39 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस युद्ध स्तर पर जुटी हुई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम कमलनाथ के आवास पर वचन पत्र समिति की अहम बैठक हो रही है। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह विशेष रूप से उपस्थित हैं।

बताया जा रहा है कि इस बैठक में वचन पत्र को अंतिम रूप देने पर विचार-विमर्श किया जा रहा है। कांग्रेस के वचन पत्र में नारी सम्मान योजना पर मुख्य फोकस है। इस योजना के तहत कांग्रेस सरकार आने के बाद महिलाओं को 1500 रुपए प्रति माह और 500 रुपए में गैस सिलेंडर देने का वादा कर रही है। प्रियंका गांधी ने भी सोमवार जबलपुर में शंखनाद रैली के दौरान इस योजना को लागू करने का वादा किया था।

कमलनाथ की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में वचन पत्र समिति के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, मुकेश नायक, बाला बच्चन, सज्जन वर्मा सहित तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद हैं। माना जा रहा है कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का वचन पत्र गेमचेंजर साबित होगा। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि कांग्रेस का वचन पत्र मध्य प्रदेश के विकास का नया रोडमैप तैयार करेगा।

यह भी पढ़ें: तेन्दुपत्ता संग्राहकों को न्याय दिलाएं, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने राज्यपाल मंगू भाई पटेल को लिखा पत्र

दरअसल, कांग्रेस पार्टी प्रदेश स्तर के साथ ही हर जिले के लिए अलग से वचन पत्र भी बना रही है। कांग्रेस ने अपने वचन पत्र में युवाओं, बुजुर्गों, महिलाओं और किसानों को साधने के लिए खास प्लान तैयार किया है। वचन पत्र में किसान कर्ज माफी, महिलाओं को 1500 रुपए महीने भत्ता, बेरोजगार युवाओं को बेरोजगारी भत्ता, 500 में गैस सिलेंडर और सस्ती बिजली जैसे प्रस्ताव शामिल हैं।

प्रदेश की सत्ता में वापसी के लिए कांग्रेस सभी वर्गों को साधने का प्रयास कर रही है। वचन पत्र के माध्यम से कांग्रेस युवाओं के लिए स्वरोजगार योजना और रिक्त शासकीय पदों को समयसीमा में भरने, अनसुचित जाति-जनजाति वर्ग के युवाओं के लिए विशेष योजना, किसानों की ऋण माफी, कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन की बहाली, पेंशनर की समय पर महंगाई राहत में वृद्धि की व्यवस्था, महिला स्व-सहायता समूहों का विस्तार सहित अन्य विषयों को लेकर आमजन के बीच जाएगी।

यह भी पढ़ें: हर महिला को 15 सौ रुपए महीने, 100 यूनिट बिजली मुफ्त, मध्य प्रदेश में प्रियंका गांधी की 5 गारंटी, जानें पूरी डिटेल्स

विधानसभा चुनाव से तीन माह पूर्व कांग्रेस की ओर से जो वचन पत्र जारी किया जाएगा, उसमें सत्ता में आने पर वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान निधि (पेंशन) देने का प्रावधान करने का वादा होगा। प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक आयु के 70.18 लाख मतदाता हैं। वचन पत्र के अलावा कांग्रेस आरोप पत्र भी लाएगी। यह पहली बार होगा जब मेनिफेस्टो के साथ आरोप पत्र लाया जा रहा हो। इसके संबंध में भी कई दौर की बैठकें हो चुकी है। आरोप पत्र के माध्यम से बेरोजगारी, महंगाई और योजनाओं में हो रहे भ्रष्टाचार को लेकर शिवराज सरकार को घेरने की तैयारी है।

दरअसल, कर्नाटक विधानसभा चुनाव में मिली शानदार जीत के बाद कांग्रेस पार्टी अब मध्य प्रदेश फतह की तैयारियों में जुट गई है। इस साल के अंत में होने वाले मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस जोर-शोर से प्रचार-प्रसार कर रही है। सोमवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी जबलपुर दौरे पर थीं। यहां उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित किया था साथ ही प्रदेश के लोगों से कई वादे भी किए। कांग्रेस जल्द ही चुनावी घोषणापत्र भी लॉन्च करने वाली है, इसी के लिए आज वचनपत्र समिति की अहम बैठक हो रही है।