भोपाल: अस्पताल में टेबल टेनिस खेलने पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री, सिविल सर्जन ने हराया

राजधानी भोपाल स्थित जेपी अस्पताल में डॉक्टरों के लिए टेबल टेनिस, चेस, शतरंज जैसी खेल गतिविधियाें की सुविधा शुरू की गई है, स्वास्थ्य मंत्री ने भी लिया खेल का आनंद

Updated: Jan 17, 2022, 07:02 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित जयप्रकाश अस्पताल में डॉक्टरों के लिए योगा कायाकल्प केन्द्र का शुभारंभ किया गया है। यहां डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ के लिए टेबल टेनिस, चेस, शतरंज जैसी खेल गतिविधियाें की सुविधा भी शुरू की गई है। इसके शुभारंभ के अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने डॉक्टरों के साथ टेबल टेनिस में हाथ आजमाया। 

जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य मंत्री चौधरी वहां सिविल सर्जन के शॉट पर चूक गए। नतीजतन सर्जन ने उन्हें हरा दिया। इसके अलावा मंत्री ने RMO डॉ बलराम उपाध्याय के साथ भी टेबल टेनिस खेला। मौके पर भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया भी मौजूद थे। स्वास्थ्य मंत्री को खेलते देख लवानिया भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने भी स्वास्थ्य मंत्री को अपना खेल दिखाया।

अस्पताल परिसर में इलाज के जगह खेल की व्यवस्था को लेकर स्वास्थ्य विभाग का तर्क है कि इससे चिकित्सकों का मानसिक और शारिरिक थकान दूर होगी। जेपी अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि यहां संगीत प्रतियोगिता का भी आयोजन होगा। इससे हेल्थ स्टाफ को थकाऊ रूटीन के बीच बिना परेशान हुए काम करने की ऊर्जा मिलेगी। यहां अस्पताल का स्टाफ योग क्रियाएं, ध्यान, योगा, टेबल टेनिस, चेस, शतरंज का आनंद ले सकेंगे।

सिविल सर्जन डॉ. राकेश श्रीवास्तव के मुताबिक सेंटर के लिए अस्पताल परिसर में ही संचालित बैंक के ऊपर खाली हॉल को चिन्हित किया गया है। यहां कोरोना को देखते हुए सोशल डिस्टेंसिंग के सभी गतिविधियों को संचालन होगा। यहां डॉक्टर और स्टाफ को स्ट्रेस फ्री रहने के इंतजाम किए गए है।