मध्य प्रदेश में डेंगू का कहर, कांग्रेस MLA जयवर्धन सिंह की रिपोर्ट पॉजिटिव, डॉक्टरों ने दी आराम की सलाह

प्रदेश में लगातार बढ़ रहा है डेंगू का आतंक, डेंगू की चपेट में आए कांग्रेस के युवा विधायक जयवर्धन सिंह, बोले- राघौजी की कृपा से जल्द ठीक होकर आपके बीच लौटूंगा

Updated: Sep 25, 2021, 07:17 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में डेंगू का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच खबर आई है कि कांग्रेस के युवा विधायक जयवर्धन सिंह डेंगू के चपेट में आ गए हैं। बताया जा रहा है कि जयवर्धन सिंह को बुखार था। इसके बाद उन्होंने राजधानी भोपाल स्थित चिरायु अस्पताल में डेंगू का टेस्ट कराया था। जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

जयवर्धन सिंह ने खुद डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव होने की पुष्टि की है। सिंह ने कहा है कि, 'मेरी डेंगू रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉक्टरों ने मुझे एक सप्ताह तक आराम करने की सलाह दी है। भगवान राघौजी की कृपा से जल्द ही स्वस्थ्य होकर आपके बीच लौटूंगा।' जयवर्धन सिंह हाल ही में बुंदेलखंड, ग्वालियर-चंबल के दौरे पर थे।

यह भी पढ़ें: शाजापुर: कर्ज में डूबे किसान ने की आत्महत्या, बेटी ने भी जहर खाकर मौत को गले लगाया

मध्य प्रदेश के डेंगू के केस थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। डेंगू से सबसे बुरी तरह प्रभावित मंदसौर जिला है। यहां स्थिति चिंताजनक हो गई है। उसके अलावा राजधानी भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर में भी लगातार नए केस सामने आ रहे हैं। प्रदेशभर में अबतक डेंगू पॉजिटिव लोगों का आंकड़ा साढ़े तीन हजार को पार कर गया है। अकेले मंदसौर में 1 हजार से ज्यादा केस दर्ज किए गए हैं। वहीं जबलपुर में करीब 500, इंदौर में 350 और भोपाल में 300 मामले सामने आए हैं।