लड़कियों पर फब्तियां कस रहा था युवक, बीच चौराहे पर सिखाया ऐसा सबक, घुटनों पर बैठकर मांगी माफी

मध्य प्रदेश के बैतूल में देर रात अकेली लड़कियों पर भद्दे कमेंट्स करना मनचले को पड़ा भारी, बीच चौराहे पर लड़कियों ने की जमकर धुनाई, घुटनों पर बैठकर बोला, माफ कर दो

Updated: Sep 07, 2021, 04:07 AM IST

बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल में लड़कियों पर फब्तियां कसना मनचले के लिए भारी पड़ गया। यहां लड़कियों ने बीच चौराहे पर उसे ऐसा सबक सिखाया की शायद ही अब वह किसी लड़की के साथ ऐसी हरकतें करेगा। दरअसल, लड़कियों ने बीच चौराहे पर उसकी जमकर धुनाई की। इतना ही नहीं करीब 15 मिनट तक लड़कियों से मार खाने के बाद युवक घुटनों के बल बैठकर कहने लगा कि माफ कर दो।

रिपोर्ट्स के अनुसार घटना रविवार रात करीब 10 बजे की है। बताया जा रहा है कि बैतूल के गंज बस स्टैंड के पास स्थित शराब दुकान के पास से दो लड़कियां गुजर रहीं थीं। इस दौरान गर्ग कॉलोनी निवासी मोहसिन उनपर अश्लील टिप्पणी करने लगा। इसके बावजूद लड़कियां तेजी से आगे बढ़ती रहीं। मोहसिन यहीं नहीं रुका बल्कि वह अश्लील इशारे भी करने लगा। आरोपी की हरकतों से तंग आकर लड़कियों ने उसे सबक सिखाने की ठानी और जाकर उसे धर दबोचा।

यह भी पढ़ें: नाबालिग से रेप के आरोपी को बचाने में जुटे मोदी सरकार के मंत्री, अरुण यादव का गंभीर आरोप

लड़कियों ने जब उससे कमेंट्स को लेकर पूछा तो वह हेकड़ी दिखाने लगा। इसके बाद गुस्साए लड़कियों ने उसके बाल पकड़ उसकी जमकर धुनाई की। इस दौरान वहां काफी भीड़ लग गई। वहां मौजूद अन्य लोग भी मनचले की पिटाई के लिए आगे बढ़े, लेकिन लड़कियों ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया। लड़कियों ने कहा कि जब ये फब्तियां कस रहा था तब किसी ने उनकी विरोध नहीं कि। इसलिए हम खुद ही इसे सबक सिखाएंगे।

लड़कियों ने आरोपी को इतना पीटा की वह घुटनों के बल बैठकर कहने लगा कि दुबारा ऐसी गलती नहीं करूंगा, माफ कर दो। मामले की जानकारी मिलते ही गंज थाने के सहायक उपनिरीक्षक जुगल किशोर साहू भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि लड़कियों ने एफआईआर लिखाने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को शांति भंग करने की धाराओं में गिरफ्तार कर लिया।