मध्य प्रदेश पुलिस अब कोरोना काल में आपको नीली कैप में नज़र आएगी। कोरोना महामारी के दौरान कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए मध्य प्रदेश  पुलिस ने दिन रात एक कर रखा है। अमूमन मध्य प्रदेश पुलिस को आपने पारम्परिक बैरेट कैप में ही देखा होगा। लेकिन अब आपको मध्य प्रदेश पुलिस के पुलिसकर्मी  नीली स्पोर्ट्स कैप लगाते हुए नज़र आएंगे।

कोरोना काल में कानून व्यवस्था को मज़बूत बनाए रखने में राज्य के पुलिस कर्मी लगातार 12-12 घंटे अपनी सेवाएं दे रहे हैं। ऐसे में मध्य प्रदेश पुलिस के पारम्परिक कैप के ऊनी होने के चलते, पुलिसकर्मियों को काफी दिक्कत व परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। राज्य में भीषण गर्मी भी पड़ रही है। राज्य में ज़्यादातर ज़िलों में भीषण गर्मी पड़ने के साथ साथ लू भी चल रही है। ऐसे में ऊनी कैप की वजह से पुलिस को ड्यूटी के दौरान हो रही दिक्कतों को मद्देनजर रखते हुए राज्य सरकार ने पुलिस कर्मियों को स्पोर्ट्स कैप आवंटित करने का निर्णय लिया है। स्पोर्ट्स कैप नीले रंग का होगा। स्पोर्ट्स कैप कॉटन का रहेगा, जिससे पुलिसकर्मियों को गर्मी से तो राहत मिलेगी ही साथ ही इस कैप को धोने और सैनिटाइज करने में भी सहूलियत होगी। ऊनी कैप होने के कारण पुलिसकर्मियों को कैप को सैनिटाइज करने में भी दिक्कत आ रही थी।

हालांकि पुलिसकर्मी नए कैप का उपयोग कोरोना महामारी के दौरान कानून व्यवस्था मज़बूत करने एवं राहत कार्य करने के दौरान कर सकेंगे। सामान्य परिस्थितियों में पुलिसकर्मी पारम्परिक बैरेट कैप ही सिर पर लगा पाएंगे।राज्य सरकार ने पुलिस कर्मियों सुरक्षा और स्वास्थ्य को मद्देनजर रखते हुए यह फैसला लिया है। नया कैप आरामदायक होने के साथ साथ सुरक्षा और महामारी के बचाव की दृष्टि से भी उपयुक्त है। क्योंकि इसे बैरेट कैप की तुलना में सैनिटाइज करना आसान होगा। नई स्पोर्ट्स कैप आरक्षक से निरीक्षक तक पुलिसकर्मियों को प्रदान की जाएगी।