श्रीरामराजा दरबार में दिग्विजय सिंह ने लगाई हाजिरी, निवाड़ी जिले में जन आक्रोश यात्रा में हुए शामिल

निवाड़ी पहुंचे दिग्विजय सिंह ने कहा कि भाजपा हार को सामने देख बौखला गई है। इसलिए तीन केंद्रीय मंत्रियों को टिकट दिया है। ये भाजपा में घबराहट की निशानी है।

Updated: Sep 26, 2023, 04:52 PM IST

ओरछा। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। प्रदेश कांग्रेस द्वारा राज्य में सात जन आक्रोश यात्राएं निकाली जा रही है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मंगलवार को अरुण यादव के नेतृत्व में बुंदेलखंड संभाग में निकाली जा रही यात्रा में शामिल हुए। भाजपा के उम्मीदवारों की सूची पर पूर्व सीएम ने कहा कि हार को सामने देख भाजपा बौखला गई है।

राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह मंगलवार को सबसे पहले ओरछा स्थित श्रीरामराजा दरबार पहुंचे। यहां उन्होंने रामराजा सरकार के दर्शन कर देश की खुशहाली की कामना की। तत्पश्चात पूर्व सीएम निवाड़ी पहुंचे और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव के नेतृत्व में बुंदेलखंड में निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा में शामिल हुए। सिंह ने इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बीजेपी घबरा गई है। इसलिए तीन केंद्रीय मंत्रियों को टिकट दिया है। ये भाजपा में घबराहट की निशानी है। 

भाजपा में व्याप्त गुटबाजी पर तंज कसते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि हम देखते हैं कौन किसको निपटाता है। उन्होंने पीएम मोदी के भोपाल दौरे को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री इतने निचले स्तर पर जाकर बात करते हैं कि हमें इस बात का दुःख होता है कि वे प्रधानमंत्री पद की गरिमा को गिरा रहे हैं। कांग्रेस उम्मीदवारों को लेकर कांग्रेस नेता ने कहा कि इस बार हम बिकाऊ नहीं टिकाऊ माल को टिकट देंगे। 

दिग्विजय सिंह और अरुण यादव ने निवाड़ी में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा। अरुण यादव ने कहा कि, 'प्रधानमंत्री मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह हर हफ्ते मध्य प्रदेश का चक्कर लगा रहे हैं। उन्हें पता है कि भाजपा की रवानगी तय है। इतने सांसद - केंद्रीय मंत्री चुनाव लड़ेंगें सबका स्वागत है। हम तो चाहते हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं अमित शाह भी एक एक सीट का चयन कर लें। अगर चाहें तो आडवाणी जी और मुरली मनोहर जोशी भी आ जाएं, मगर मध्य प्रदेश में दो तिहाई सीटों के साथ कांग्रेस सरकार बनाएगी।'

निवाड़ी के बाद कांग्रेस के दोनों दिग्गजों के नेतृत्व में जन आक्रोश यात्रा पृथ्वीपुर पहुंची। पृथ्वीपुर में दिग्विजय सिंह और अरुण यादव रोड शो कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह का यह रोड शो बुंदेलखंड में शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। इस रोड शो में सैंकड़ों चारपहिया व दो वाहनों से हजारों की संख्या में लोग शामिल हैं।