MP उपचुनाव: विजयपुर में कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, नामांकन रैली में शामिल हुए पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह

साल 2023 में कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा निर्दलीय चुनाव मैदान में थे, उस दौरान आदिवासियों ने इनका जमकर साथ दिया था। इन्हें चुनाव में 45 हजार वोट मिले थे।

Updated: Oct 25, 2024, 06:36 PM IST

विजयपुर। मध्य प्रदेश में उपचुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज है। राज्य की दो विधानसभा सीट बुधनी और विजयपुर में उपचुनाव हो रहे हैं। विपक्षी दल कांग्रेस ने उपचुनाव को लेकर पूरी ताकत झोंक दी है। शुक्रवार को विजयपुर से कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान कांग्रेस पार्टी की ओर से विशाल रोड शो निकाली गई जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह विशेष रूप से शामिल रहे।

विजयपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी मुकेश मल्होत्रा के समर्थन में पार्टी द्वारा शुक्रवार दोपहर विशाल रैली निकाली गई। रैली में पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह, पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह सहित कांग्रेस के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे। यह रैली विजयपुर नगर से लगे हुए कैत का पुरा से शुरू हुई और सामुदायिक अस्पताल से गांधी चौक होकर पूरे नगर से निकाली जाएगी और तहसील कार्यालय के पास इस रैली का समापन हुआ। 

कांग्रेस विजयपुर विधानसभा चुनाव बिकाऊ बनाम टिकाऊ के नारे के साथ लड़ रही है। दरअसल, कांग्रेस के 6 बार के विधायक रहे रामनिवास रावत ने लोकसभा चुनाव से ठीक पहले पाला बदलकर भाजपा का दामन थाम लिया था। बदले में उन्हें मोहन कैबिनेट में मंत्रिपद दिया गया। इसके बाद उन्हें विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देना पड़ा और अब वह भाजपा की टिकट पर चुनावी मैदान में हैं। 

शुक्रवार को हुई कांग्रेस प्रत्याशी की नामांकन रैली के विजुअल्स शेयर कर प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने लिखा है कि विजयपुर में उमड़ रहा जनसैलाब बता रहा है कि इस बार यहाँ खोटे सिक्के नहीं चलने वाले। बता दें कि मुकेश मल्होत्रा की जमीन पर पकड़ काफी ज्यादा अच्छी है, जिसे देखते हुए कांग्रेस ने उन पर दांव लगाया है।

मल्होत्रा ने लोकसभा चुनाव के दौरान इन्होंने कांग्रेस का दामन थामा था, इन्होंने कांग्रेस सदस्यता तब ली थी जब रामनिवास रावत ने भाजपा ज्वाइन की थी। इसी बीच प्रियंका गांधी की मुरैना जिले में रैली थी जहां पर इन्होंने कांग्रेस का दामन थामा था। साल 2023 में ये निर्दलीय चुनाव मैदान में थे, उस दौरान आदिवासियों ने इनका जमकर साथ दिया था। इन्हें चुनाव में 45 हजार वोट मिले थे। मुकेश लंबे समय से विधानसभा में एक्टिव रहने वाले नेताओं में से एक हैं। मुकेश सहरिया समुदाय से आते हैं, इस सीट पर इस जनजाति के करीब 70 हजार वोटर हैं, साथ ही साथ जमीन पर इनकी सक्रियता देखी जाती है।