छतरपुर। मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के छतरपुर जिले से आने वाले दिव्यांग क्रिकेटर शाहिद खान का चयन इंडियन पैरा क्रिकेट टीम में हुआ है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों में पले बढ़े शाहिद अब 4 अप्रैल से श्रीलंका के कोलंबो में होने वाली अंतरराष्ट्रीय टी20 सीरीज में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस टूर्नामेंट में भारत के साथ श्रीलंका और बांग्लादेश की टीमें भी हिस्सा लेंगी।
शाहिद खान का जीवन संघर्ष की मिसाल रहा है। मजदूर परिवार से ताल्लुक रखने वाले शाहिद बचपन से ही क्रिकेट के प्रति जुनूनी रहे हैं। अपने सपनों को जिंदा रखने के साथ साथ उन्होंने परिवार की आर्थिक मदद के लिए गांव गांव ठेले पर आइसक्रीम भी बेची थी। तमाम मुश्किलों के बावजूद उन्होंने क्रिकेट को नहीं छोड़ा और लगातार मेहनत करते रहे। इसका परिणाम आज उनके चयन के रूप में सामने आया है।
यह भी पढ़ें:MP में मिलावटी खाद्य पदार्थों का बढ़ा खतरा, 2000 से ज्यादा सैंपल फेल
दिव्यांग होने के बावजूद शाहिद ने अपनी कमजोरी को कभी बाधा नहीं बनने दिया। एक हाथ से बल्लेबाजी करने वाले इस ऑलराउंडर ने अपनी प्रतिभा के दम पर कई जिलों और राज्यों में शानदार प्रदर्शन किया है। वर्तमान में वे सागर टीम के कप्तान हैं और उनके नेतृत्व में टीम ने एक भी मुकाबला नहीं हारा है। पटना सहित कई जगहों पर उन्होंने खेल क्षमता का प्रदर्शन कर अपनी पहचान बनाई है।
हाल ही में मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा आयोजित 100 घंटे के लगातार क्रिकेट इवेंट में भी शाहिद ने बेहतरीन प्रदर्शन कर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा था। उनकी मेहनत और लगन ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा दिया है।
यह भी पढ़ें:1 अप्रैल से बढ़ा महंगाई का बोझ, प्रॉपर्टी, बिजली, टोल, गैस और बैंकिंग सेवाएं हुई महंगी
शाहिद के चयन से उनके गांव और पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि पर शाहिद ने युवाओं को संदेश दिया है कि यदि इरादे मजबूत हों तो किसी भी तरह की शारीरिक कमी सफलता के रास्ते में बाधा नहीं बन सकती। उन्होंने कहा कि असली ताकत शरीर में नहीं बल्कि हौसलों में होती है।
राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया ने भी शाहिद की इस उपलब्धि पर खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि शाहिद ने अपने गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। साथ ही उन्होंने भविष्य में उनकी हर संभव मदद करने की भी बात कही। विधायक ने शाहिद के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके परिवार को भी बधाई दी।
यह भी पढ़ें:मध्य प्रदेश में 1 अप्रैल से महंगा होगा दूध, दरों में 5 रुपए लीटर तक की होगी बढ़ोतरी