सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में बड़ा सियासी उलटफेर देखने को मिला है। यहां प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल SIR मतदाता-कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे थे। खंडेलवाल ने इस दौरान कांग्रेस पार्टी के सीनियर नेता संजय भारद्वाज को भाजपा की सदस्यता दिलाई।
दरअसल, हेमंत खंडेलवाल गुरुवार को सिवनी में आयोजित SIR मतदाता जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान हुए इस राजनीतिक घटनाक्रम ने पूरे कार्यक्रम का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। संजय भारद्वाज के भाजपा में शामिल होने के बाद सिवनी का राजनीतिक तापमान बढ़ गया है।
संजय भारद्वाज कांग्रेस की ओर से नगरपालिका अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रह चुके हैं। राजनीतिक विश्लेषक उनके भाजपा में शामिल होने को कांग्रेस के लिए बड़े नुकसान के तौर पर देख रहे हैं। माना जा रहा है कि उनके भाजपा में जुड़ने से आगामी चुनावी समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
कांग्रेस की सदस्यता लेने के उपरांत संजय भारद्वाज ने कहा, 'मेरा परिवार मूल रूप से भाजपाई रहा है। आज मैं अपने मूल परिवार में वापसी कर रहा हूं। कांग्रेस में रहते हुए मैंने पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम किया और अब भाजपा में भी उतनी ही निष्ठा से कार्य करूंगा।' इस दौरान भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा, '2028 में सिवनी जिले की चारों विधानसभा सीटों पर भाजपा ही विजयी होगी। आने वाला समय भाजपा का है और जिले में कमल फिर से खिलकर रहेगा।'