रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले की सैलाना विधानसभा के पूर्व विधायक लाहलिंग देवदा का शुक्रवार शाम निधन हो गया। 70 वर्षीय देवदा बीते चार दिनों से वडोदरा के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान भर्ती थे जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। वे 5 नवंबर की शाम अपने गांव छावनी भाभर (बाजना) में घर के बाहर सड़क किनारे टहल रहे थे तभी तेज रफ्तार से आ रही एक बाइक ने पीछे से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी थी। हादसे में उनके सिर, चेहरे और शरीर पर गंभीर चोटें आई थीं।

घटना के तुरंत बाद परिजन उन्हें बाजना के सरकारी अस्पताल लेकर पहुंचे जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें रतलाम रेफर किया गया। रतलाम के निजी अस्पताल में स्थिति में सुधार न होने पर देवदा को वडोदरा शिफ्ट किया गया था। चार दिनों तक डॉक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन शुक्रवार शाम उन्होंने दम तोड़ दिया। देर रात परिजन उनकी पार्थिव देह लेकर गांव पहुंचे जहां शनिवार सुबह उनका अंतिम संस्कार किया गया।

हादसे के बाद बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार गिर पड़े थे लेकिन वे तुरंत वाहन वहीं छोड़कर भाग निकले। पूर्व विधायक के भतीजे लक्ष्मण देवदा की शिकायत पर बाजना पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।

लाहलिंग देवदा 1993 में पहली बार कांग्रेस के टिकट पर सैलाना विधानसभा से विधायक चुने गए थे। उस चुनाव में उन्होंने जनता दल के उम्मीदवार भेरूसिंह डामर को हराकर जीत हासिल की थी। राजनीतिक जीवन में देवदा ने कुछ समय के लिए भाजपा का दामन भी थामा था। हालांकि, बाद में वे दोबारा कांग्रेस में लौट आए थे। क्षेत्र में वे एक सरल, मिलनसार और जनता से जुड़े नेता के रूप में पहचाने जाते थे। उनके निधन से सैलाना क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने उन्हें जमीनी नेता बताया जो हमेशा जनता के बीच रहे।