भोपाल। भोपाल के गेहूंखेड़ा कोलार में शुक्रवार सुबह साढ़े सात बजे एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर तीन बार पलटी खा गई और सड़क के दूसरी तरफ जा पहुंची और एक अन्य कार से जा टकराई। हादसे में 11वीं कक्षा के छात्र आदित्यवीर चौधरी उर्फ आदि (16) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, उसके पांच दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इसके अलावा दूसरी कार में सवार एक बुजुर्ग भी घायल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कोलार पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:MP: मंत्री के काफिले ने ई रिक्शा को मारी टक्कर, 7 लोग गंभीर रूप से घायल
जानकारी के अनुसार, आदि और उसके पांच दोस्त निर्माण जाट, अबदुल्ला, श्रीयांश, युवराज और विश्वरोद होंडा सिटी (MP02CR8070) से सुबह चाय और नाश्ता करने के लिए जा रहे थे। हादसा डीमार्ट के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कार अत्यधिक रफ्तार में थी और कुछ चश्मदीदों ने बताया कि अचानक सड़क पर कुत्ता आ जाने के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे हैं।
यह भी पढ़ें:दिवाली से पहले ठप पड़ा IRCTC, सुबह 9 बजे से वेबसाइट और ऐप बंद, लाखों यूजर्स परेशान
आदित्यवीर अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी मां हाउस वाइफ हैं और पिता मुंबई की एक प्राइवेट इंश्योरेंस कंपनी में डायरेक्टर हैं। परिवार मूल रूप से जबलपुर का रहने वाला है और दीपावली मनाने जबलपुर जाने की तैयारी में था। हादसे की सूचना मिलते ही उसके दादा जबलपुर से भोपाल के लिए रवाना हुए। मां की स्थिति बेहद नाजुक है। गांधी मेडिकल कॉलेज की मर्चुरी में बेटे का शव देखकर मां का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शुक्रवार दोपहर शव परिजनों को सौंप दिया। छात्र की मौत ने इलाके में मातम पसार दिया है और परिवार के सभी सदस्य गहरे सदमे में हैं।