मध्यप्रदेश में पंचायत उपचुनाव के तहत मंगलवार को 103 पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। इनमें 4 पंच, 79 सरपंच और 5 जिला पंचायत सदस्य के पद शामिल हैं। प्रदेश में कुल 4,235 पदों पर उपचुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई थी लेकिन 604 पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए। कई पदों पर नामांकन नहीं आने और कुछ सीटों पर न्यायालय की रोक के कारण मतदान नहीं कराया जा रहा है।
मतदान के दौरान अलग-अलग जिलों से सुबह 11 बजे तक के आंकड़े भी सामने आए हैं। आलीराजपुर के सोण्डवा विकासखंड में 6,800 मतदाताओं में से 2,436 ने वोट डाला जिससे मतदान प्रतिशत 35.77% रहा। झाबुआ जिला पंचायत के वार्ड 6 में 31.89 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। यहां कुल 60,942 मतदाता हैं जिनमें 30,197 पुरुष, 30,740 महिलाएं और 5 अन्य मतदाता शामिल हैं। वहीं, थांदला जनपद की ग्राम पंचायत पलासड़ोर में सरपंच पद के लिए 63.98 प्रतिशत वोटिंग हुई।
यह भी पढ़ें:गुना में अवैध शराब पर पुलिस की कार्रवाई, 11 लाख के माल के साथ पूर्व BJP MLA का बेटा गिरफ्तार
मऊगंज जिले में पंचायत उपचुनाव के दौरान सुबह 11 बजे तक 36.98 प्रतिशत मतदान हुआ। नईगढ़ी में मतदान प्रतिशत 41.27 प्रतिशत रहा। जबकि, हनुमना में 35.35 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला। आगर-मालवा के नलखेड़ा जनपद पंचायत के दो वार्डों में जनपद सदस्य पद के लिए चुनाव हो रहा है। यहां सुबह 11 बजे तक 39.76 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
देवास जिले के खातेगांव में ग्राम पंचायत साकट्या के सरपंच पद के लिए भी वोटिंग चल रही है। यह सीट सरपंच जगदीश जाट के निधन के बाद खाली हुई थी। चुनाव में लक्ष्मीनारायण लच्छू पटेल और रामनिवास जगदीश जाट आमने-सामने हैं। सुबह 11 बजे तक यहां करीब 60 प्रतिशत मतदान हो चुका था।
यह भी पढ़ें:MP: मुख्यमंत्री सुगम बस सेवा की खुली पोल, बीच रास्ते में खराब हुई खटारा बस, खींचकर ले जाना पड़ा
आगर-मालवा की सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष सीट के उपचुनाव में मतदान के दौरान वार्ड 7 के केंद्र पर EVM के सीरियल नंबर को लेकर विवाद हो गया था। इसके चलते करीब 15 मिनट तक मतदान रोकना पड़ा था। स्थानीय विधायक भैरों सिंह परिहार ने EVM के फर्जी होने का आरोप लगाते हुए मशीन से जुड़ी जानकारी लिखित रूप में उपलब्ध नहीं कराने पर सवाल उठाए हैं।
विवाद उस समय बढ़ा जब विधायक के पास मौजूद पुरानी सूची में दर्ज EVM के सीरियल नंबर और मतदान केंद्र पर मौजूद मशीन के नंबर में अंतर पाया गया। इसके बाद दोनों प्रत्याशियों के समर्थक मतदान केंद्र पर जुट गए। बाद में स्पष्ट हुआ कि रैंडमाइजेशन की प्रक्रिया के बाद EVM बदली गई थी जिसके कारण नंबर अलग थे।
यह भी पढ़ें:न्यूनतम वेतन के लिए BJP दफ्तर पर श्रमिकों का धरना, उमा भारती की घोषणा याद दिलाई
स्थिति स्पष्ट होने के बाद दोनों प्रत्याशी मतदान केंद्र पर पहुंचे और विवाद समाप्त हुआ। इसके बाद मतदान फिर से शुरू करा दिया गया। सुसनेर नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए बीजेपी ने प्रदीप सोनी और कांग्रेस ने विष्णु पाटीदार को उम्मीदवार बनाया है।
पंचायत उपचुनाव में सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पदों की मतगणना 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से संबंधित विकासखंड मुख्यालयों पर शुरू होगी। सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य पदों के नतीजे उसी दिन घोषित किए जाएंगे। जिला पंचायत सदस्य और पंच पदों के परिणाम 5 अक्टूबर को जारी होंगे।