गुना में अवैध शराब पर पुलिस की कार्रवाई, 11 लाख के माल के साथ पूर्व BJP MLA का बेटा गिरफ्तार

गुना के राघौगढ़ में पुलिस ने नारायणपुरा शक्कर कारखाने के पास अवैध शराब की तस्करी के आरोप में दिगप्रताप सिंह उर्फ अस्सू को गिरफ्तार किया। बोलेरो से 480 क्वार्टर शराब बरामद हुई।

Updated: Sep 29, 2026, 10:57 AM IST

गुना। मध्य प्रदेश के गुना जिले के राघौगढ़ क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। नारायणपुरा शक्कर कारखाने के पास कार्रवाई के दौरान आरोपी की बोलेरो से देशी और अंग्रेजी शराब के कुल 480 क्वार्टर बरामद हुए। पुलिस ने शराब और वाहन समेत करीब 11.52 लाख रुपए का सामान जब्त किया है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान गायत्री कॉलोनी निवासी दिगप्रताप सिंह उर्फ अस्सू (42) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दिगप्रताप सिंह पूर्व भाजपा विधायक रामबहादुर सिंह परिहार का बेटा है।

पुलिस के अनुसार, जंजाली चौकी को सूचना मिली थी कि नारायणपुरा शक्कर कारखाने के पास एक बोलेरो में बड़ी मात्रा में शराब रखकर बिक्री के लिए कोई व्यक्ति खड़ा है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बोलेरो क्रमांक MP07 CD 7145 में मौजूद व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को शराब की 10 पेटियां मिलीं। इनमें दो पेटी देशी मदिरा प्लेन, सात पेटी देशी मदिरा मसाला और एक पेटी 8PM अंग्रेजी शराब की थी। पुलिस ने सभी पेटियों से कुल 480 क्वार्टर शराब बरामद की।

पुलिस ने बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 52 हजार रुपए बताई है। वहीं, शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो की कीमत करीब 11 लाख रुपए आंकी गई है। दोनों को मिलाकर जब्ती की कुल कीमत लगभग 11.52 लाख रुपए बताई गई है।

कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर राघौगढ़ थाने में अपराध क्रमांक 263/26 दर्ज किया। उसके खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण बनाया गया है। पुलिस अब शराब के स्रोत और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। संभावित तस्करी नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

पुलिस कार्रवाई में गिरफ्तार दिगप्रताप सिंह उर्फ अस्सू के पिता रामबहादुर सिंह परिहार चांचौड़ा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक रह चुके हैं। वे 1990 से 1993 तक विधायक रहे थे। 1993 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें दोबारा मैदान में उतारा था लेकिन उस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

पूरी कार्रवाई राघौगढ़ थाना प्रभारी अजय सिंह जाट के नेतृत्व में की गई। पुलिस टीम में जंजाली चौकी प्रभारी SI रसना राजावत, प्रधान आरक्षक दामोदर धाकड़, आरक्षक धर्मेन्द्र रावत, बृजेश साहू और महिला आरक्षक रेखा वैष्णव शामिल थे।