MP: सपने अधूरे छोड़ गए सिंगरौली के आईपीएस हर्षवर्धन, पोस्टिंग के पहले आई मौत

कर्नाटक कैडर के 2023 बैच के युवा और होनहार आईपीएस अधिकारी हर्षवर्धन का एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया।

Updated: Dec 06, 2024, 07:29 AM IST

सिंगरौली, मध्‍य प्रदेश| कर्नाटक कैडर के 2023 बैच के युवा और होनहार आईपीएस अधिकारी हर्षवर्धन का एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया। यह हादसा रविवार शाम करीब 4:20 बजे हासन-मैसूर रोड पर हुआ, जब वे अपनी पहली पोस्टिंग के लिए हासन जिले जा रहे थे। हादसे की वजह उनकी गाड़ी का टायर फटना बताया जा रहा है। टायर फटने के कारण ड्राइवर मंजे गौड़ा का वाहन पर से नियंत्रण खो गया और गाड़ी सड़क किनारे बने एक मकान से टकरा गई।

इस हादसे में हर्षवर्धन को सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत एम्बुलेंस से अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उनकी जान नहीं बचा सके। वहीं, गाड़ी चला रहे ड्राइवर को भी चोटें आई हैं, जिसका इलाज कर्नाटक के हासन जिला अस्पताल में जारी है।

हर्षवर्धन का परिवार मूल रूप से बिहार के रीवा जिले के मझियार गांव का रहने वाला है, लेकिन उनके पिता अखिलेश कुमार सिंह मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के देवसर में एसडीएम पद पर कार्यरत हैं। हर्षवर्धन परिवार के बड़े बेटे थे। उनके छोटे भाई आनंद वर्धन सिंह आईआईटी में अध्ययनरत हैं। यह दुखद घटना पूरे परिवार के लिए गहरे सदमे का कारण बनी है।

हर्षवर्धन ने अपनी स्कूली शिक्षा और इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद सिविल सेवा परीक्षा पास की थी। उनकी मेहनत और लगन के चलते उन्हें भारतीय पुलिस सेवा में जगह मिली थी। हाल ही में उन्होंने मैसूर स्थित कर्नाटक पुलिस अकादमी में एक महीने की ट्रेनिंग पूरी की थी। ट्रेनिंग के बाद वे सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) के रूप में हासन में कार्यभार संभालने जा रहे थे।

यह भी पढे़ं: उज्जैन: कर्ज में डूबे किसान ने की आत्महत्या, खेत में महुए के पेड़ से लगाई फांसी

दो दिन पहले हर्षवर्धन अपने पिता से मिलने सिंगरौली आए थे। इसके बाद वे जबलपुर पहुंचे और वहां से फ्लाइट लेकर कर्नाटक गए थे। उनकी असामयिक मृत्यु से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि एक युवा और प्रतिभाशाली आईपीएस अधिकारी का इस तरह असमय चले जाना न केवल उनके परिवार बल्कि राष्ट्र के लिए भी अपूरणीय क्षति है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।